भोपाल : (Bhopal) राजधानी के बजरिया थाना क्षेत्र में बुधवार दाेपहर काे एक काॅलेज बस ने चार माहिने की मासूम बच्ची काे कुचल दिया। बस का पहिया बच्ची के सिर के ऊपर से गुजरा जिससे उसकी माैत हाे गई । वहीं हादसे में बच्ची की मां भी घायल हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला अपने पति से विवाद के बाद बच्ची को लेकर बुधवार सुबह ही मंडीदीप से भोपाल आई थी। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। घटना की हर एंगल पर जांच की जा रही है। पुलिस घटना स्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
जानकारी अनुसार हादसा भोपाल रेलवे स्टेशन से करीब 100 मीटर दूर हबीबिया तिराहा पर हुआ। यहां प्रेस्टिज कॉलेज बस की टक्कर लगने के बाद मां की गोद से चार महीने की मासूम उछलकर गिर गई। जिसके बाद बस पिछला टायर बच्ची के सिर पर चढ़ गया और उसकी माैके पर ही माैत हाे गई। हादसे में मां के हाथ में चोट आई हैं। टीआई जीतेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि दखत सिंह सतलापुर मंडीदीप में रहते हैं और वहीं एक फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं। उनकी पत्नी गीता है और 4 महीने की बेटी दीक्षा है। बुधवार की सुबह किसी बात को लेकर पति और पत्नी के बीच विवाद हो गया। गुस्से में पत्नी बच्ची को लेकर बिन बताए घर से निकल गई। ट्रेन से भोपाल स्टेशन आई, यहां कुछ देर आस पास घूमने के बाद वह हबीबिया तिराहा पर पहुंची। हबीबिया तिराहा पर सामने से आ रही कॉलेज बस को देखकर मां घबरा गई। उसने पीछे होने का प्रयास किया, इस बीच मां का हाथ बस से टकरा गया। गोद में मौजूद बच्ची उछलकर गिर गई। इससे बच्ची का सिर बुरी तरह से जख्मी हो गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


