spot_img

Ranchi: प्रधानमंत्री मोदी 12 मार्च को झारखंड को एक और वंदेभारत ट्रेन की सौगात देंगे,बनारस तक चलेगी

रांची: (Ranchi) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) झारखंड को एक और वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात देने जा रहे हैं। यह बनारस तक चलेगी। प्रधानमंत्री 12 मार्च को इसका ऑनलाइन उद्घाटन करेंगे। यह जानकारी रांची रेल मंडल के डीआरएम जसमित सिंह बिंद्रा ने ‘हिन्दुस्थान समाचार’ को दी।

डीआरएम जसमित सिंह बिंद्रा ने बताया कि रांची- बनारस वंदेभारत एक्सप्रेस आठ चेयरकार कोच होंगे। इसका सबसे बड़ा फायदा झारखंड, बिहार और ओडिशा के रेलयात्रियों को मिलेगा। यह ट्रेन रांची-लोहरदगा-टोरी, डालटनगंज, गढ़वा रोड, गया और पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन होते वाराणसी पहुंचेगी। यह बोकारो स्टील सिटी, हजारीबाग, कोडरमा और गया जंक्शन से गुजरेगी।

उन्होंने बताया कि यह ट्रेन रांची से सुबह 5:50 बजे खुलेगी और दोपहर 12:10 बजे बनारस पहुंचेगी। बनारस से दोपहर 1:30 बजे खुलेगी और रात 7:50 बजे रांची पहुंचेगी। रांची से बनारस का सफर साढ़े छह घंटे में तय होगा। रांची-वाराणसी तक का किराया 1390 से 2600 रुपये के बीच होगा। पहले इसे मुरी-बोकारो के रास्ते चलाने की योजना थी। रेलवे उपभोक्ता सलाहकार समिति के सुझाव पर इसे लोहरदगा-टोरी के रास्ते चलाने का फैसला लिया गया है।

इस ट्रेन के चलने से रांची स्टेशन से खुलने वाली वंदेभारत की संख्या तीन हो जाएगी। फिलहाल एक ट्रेन रांची से पटना और दूसरी रांची से हावड़ा के बीच चल रही है। रांची-बनारस वंदेभारत से खासकर उन यात्रियों को लाभ होगा, जो काशी जाकर भगवान शिव के दर्शन करना चाहते हैं। इसके अलावा अयोध्या जानेवाले भी काशी से अयोध्या आसानी से जा सकेंगे।

Explore our articles