हिसार : पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा ने ऑनलाइन क्लास और ट्यूशन के नाम पर होने वाली ठगी से नागरिकों को आगाह किया है। उन्होंने कहा है कि बच्चे को ऑनलाइन क्लास देने के नाम पर यदि कोई फोन कॉल आए तो सावधान रहें, ऐसे फोन करने वाले लोग साइबर ठग हो सकते हैं।
पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा ने गुरुवार को कहा कि ऐसे लोग एक दिन की एडवांस क्लास देकर ठगी कर सकते है। साइबर ठगों ने ऑनलाइन क्लास/ट्यूशन का नाम लेकर ठगी का तरीका अपनाया है। साइबर ठग अनजान नंबरों से काल करके पूछते हैं कि आपके बच्चे किस क्लास में पढ़ते हैं और जानकारी देने के बाद वे ऑनलाइन क्लास देने की बात कहकर कुछ देर के लिए डेमो क्लास दी जाती है। साथ ही एडवांस पैसे की डिमांड की जाती है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ऑनलाइन क्लासेस या ट्यूशन के लिए कोई काल आए तो एडवांस पैसे न दें। उन्होंने कहा कि किसी भी ऑनलाइन क्लास या ट्यूशन का चुनाव करते समय सतर्क रहें, खासकर पेमेंट करते समय भुगतान के लिए ऑटोमेटिक डेबिट ऑप्शन का चयन न करें। कहीं भी फीस भरनी हो या सब्स्क्रिप्शन फीस देनी हो, अपने आप पैसे कट जाएं ये विकल्प न चुनें। आजकल बहुत सी ऑनलाइन सर्विसेस ऑफर की जाती हैं जिनमें बहुत से कोर्स, ट्यूटोरियल्स, कांपटीटिव एग्जाम्स की कोचिंग आदि की तैयारी के ऑफर होते हैं।
स्टूडेंट्स और अभिभावक इनमें फंस जाते हैं और अपना नुकसान कर बैठते हैं। अभिभावकों और स्टूडेंट्स को एड-टेक कंपनियों द्वारा दी जा रही, ऑनलाइन सामग्री और कोचिंग का चयन करते समय सावधान रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ कंपनियां फ्री का लालच दिखाती हैं पर जब कोर्स ज्वॉइन कर लो तो सच कुछ और निकलता है। बिना जांचे कोई एप्लीकेशन डाउनलोड न करें, क्रेडिट या डेबिट कार्ड का नंबर ऑनलाइन फीड न करें, ऐसा कोई लोन साइन न करें जिसकी जानकारी आपको न हो, अपने कार्ड के एक्सपेंडिचर में लिमिट लगाएं, अपने पर्सनल डिटेल शेयर न करें ताकि उनका बाद में गलत इस्तेमाल न हो।


