सहवाग, रैना, गेल, गिब्स जैसे दिग्गजों का दिखेगा जलवा
ग्रेटर नोएडा : क्रिकेट की दुनिया के दिग्गज एक बार फिर से मैदान पर धूम मचाने के लिए तैयार हैं। ग्रेटर नोएडा में इंडियन वेटरन प्रीमियर लीग (आईवीपीएल) के पहले सीजन का आयोजन होने जा रहा है। इस लीग में सभी दिग्गज खिलाड़ी एक बार फिर से अपने फैंस को एंटरटेन करने के लिए पूरी तरह से कमर कस चुके हैं। वीरेंद्र सहवाग, सुरेश रैना, हर्शेल गिब्स और क्रिस गेल जैसे दिग्गज इस लीग में हिस्सा ले रहे हैं।
खास बात यह है कि इस लीग में क्रिकेट के दिग्गजों के साथ-साथ इंटरनेशनल क्रिकेट में अभी डेब्यू का इंतजार करने वाले इमर्जिंग टैलेंट को भी पहचान मिलेगी। आईवीपीएल दिग्गजों के साथ-साथ युवा टैलेंट को लाने वाली अपने में ही एक खास लीग है।
बता दें कि इस लीग का आयोजन बोर्ड फॉर वेटरन क्रिकेट इन इंडिया (बीवीसीआई) द्वारा करवाया जा रहा है। इसका मैनेजमेंट 100 स्पोर्ट्स देख रहा है। इस लीग के सभी मुकाबले ग्रेटर नोएडा स्थित शहीद विजय सिंह प्रतीक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले जाएंगे। इसका आयोजन 23 फरवरी 2024 से 3 मार्च 2024 तक होगा। आईवीपीएल में कुल छह टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी।
इसमें हिस्सा लेने वाली टीमें, वीवीआईपी उत्तर प्रदेश, राजस्थान लेजेंड्स, रेड कार्पेट दिल्ली, छत्तीसगढ़ वॉरियर्स, तेलंगाना टाइगर्स और मुंबई चैंपियन्स हैं।
इस लीग में वीरेंद्र सहवाग मुंबई चैंपियन्स के कप्तान हैं तो क्रिस गेल तेलंगाना टाइगर्स की कप्तानी करेंगे। सुरेश रैना के हाथों में वीवीआईपी उत्तर प्रदेश की कमान होगी। साथ ही हर्शेल गिब्स रेड कार्पेट दिल्ली की टीम का नेतृत्व करने वाले हैं। इस लीग के लिए वेटरन खिलाड़ी भी उत्सुक हैं और उन्होंने अपना रिएक्शन भी दिया।
लीग को लेकर वीरेंद्र सहवाग ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “मैं इस लीग का हिस्सा बनकर काफी उत्सुक हूं। मैं मुंबई चैंपियन्स के लिए खेलूंगा। आप मुंबई चैंपियंस का सपोर्ट करें।”
सुरेश रैना ने कहा,”मैं बहुत ही ज्यादा इस लीग में खेलने के लिए उत्सुक हूं। मैं वीवीआईपी उत्तर प्रदेश की टीम का हिस्सा हूं”
बीवीसीआई के एक्टिंग प्रेसिडेंट और आईवीपीएल के चेयरमैन प्रवीण त्यागी ने बताया,”पूर्व दिग्गज अपनी ऊर्जा से भारत में वेटरन क्रिकेट को और बढ़ावा देंगे। हम सभी वेटरन खिलाड़ियों का आईवीपीएल फैमिली में स्वागत करते हैं। सभी लोग उनका जादू देखने के लिए तैयार हैं।”
आईवीपीएल का पहला मैच सहवाग की मुंबई चैंपियन्स और क्रिस गेल की तेलंगाना टाइगर्स के बीच शहीद विजय सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेला जाएगा। इसका फाइनल 3 मार्च को होगा। सभी टीमें इस टूर्नामेंट के लीग स्टेज में सेमीफाइनल से पहले 5-5 मैच खेलेंगी। 2 मार्च को सेमीफाइनल मैच होगा जिसमें चार टीमें जगह बनाएंगी। मैचों का ब्रॉडकास्ट भारत में यूरोस्पोर्ट, डीडी स्पोर्ट्स और फैनकोड पर होगा।


