spot_img

Gwalior : कोहरे में ट्रेनें हुई लेट, 22 घंटे देरी से आई वंदेभारत

ट्रेनों की लेटलतीफी देख यात्री धड़ाधड़ रद्द करा रहे टिकट

ग्वालियर : कोहरे के चलते अधिकांश ट्रेनें देरी से चल रही हैं। इसे देखते हुए पिछले दो दिनों में 10 हजार से अधिक यात्रियों ने टिकट निरस्त करा दिए। इससे रेलवे को 1 करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है। रेलवे ने यात्रियों को रिफंड करना शुरू कर दिया है।

घने कोहरे की वजह से ट्रेनों की रफ्तार बुरी तरह से प्रभावित हुई है। स्थिति यह रही कि वंदेभारत, शताब्दी और गतिमान एक्सप्रेस जैसी सेमी हाईस्पीड ट्रेनें भी 10 से 20 घंटे की देरी से ग्वालियर पहुंची। शुक्रवार को दिल्ली से आने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस शनिवार की शाम 4 बजकर 19 मिनट पर 22 घंटे 45 मिनट की देरी से ग्वालियर आई। वहीं भोपाल से आने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस 17 घंटे 30 मिनट की देरी से रात्रि 3 बजकर 11 मिनट पर आई।

कोहरे के कारण ट्रेनों के लगातार देरी से चलने के परिणामस्वरूप यात्री निराश हो रहे हैं और उन्होंने यात्रा से दूरी बनाने का निर्णय लिया है।

उधर, ग्वालियर से गुजरने वाली शताब्दी एक्सप्रेस के कई घण्टे की देरी से चलने के कारण यात्री नहीं मिल पा रहे हैं। जिस कारण रेलवे को प्रतिदिन लाखों का नुकसान उठाना पड़ रहा है। सुबह की ट्रेन रात और रात की ट्रेन सुबह आने के कारण यात्रियों ने इससे दूरी बना ली है। लगातार टिकट भी निरस्त हो रहे हैं। ग्वालियर, आगरा व ललितपुर स्टेशन के लिए तो यात्री ही नहीं मिल रहे हैं।पिछले 10 दिन से कोहरे की मार इस ट्रेन पर पड़ रही है। जिस कारण ट्रेन का संचालन पटरी से उतरा हुआ है। यह प्रतिदिन कई घण्टे की देरी से चल रही है।

500 यात्री ही मिल रहे: 1204 यात्रियों की क्षमता वाली इस ट्रेन में महज 400 से 500 यात्री ही सफर कर रहे हैं। आधी से ज्यादा ट्रेन के खाली जाने के कारण रेलवे को चूना लग रहा है। रेलवे को प्रतिदिन लाखों का नुकसान हो रहा है।

Explore our articles