फतेहपुर : जिले में जमीन देने के नाम पर दम्पति ने एक महिला से साढ़े पांच लाख रुपये हड़प लिए। पैसे वापस मांगने पर आरोपियों ने उल्टा ही पीड़ित महिला से जबरन और दो लाख रुपये की मांग की। न देने पर पीड़िता के पुत्र को दुष्कर्म के फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए उस पर गोली चला दी। संयोग से महिला बच गई। शनिवार को कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी दम्पति पर मुकदमा दर्ज कानूनी कार्रवाई शुरू की है।
किशनपुर थाना क्षेत्र के नरैनी गांव निवासी मनोज कुमार केशरवानी की पत्नी नीलम देवी ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले असोथर के मोगरी बाग मजरे सातों जोगा गांव के रहने वाले वासुदेव व उसकी पत्नी फूलकुमारी खेत बेच रहे थे। जिसका सौदा पीड़िता से तय हुआ था।
पीड़ित ने बताया कि वह अपने बैंक खाते से साढ़े पांच लाख रुपये तीन किश्तों में निकाल कर दिया था। जिस जमीन का सौदा किया था, वासुदेव ने अपनी पत्नी को निष्पादित कर दिया था। जब यह जानकारी हुई तो 23 जुलाई को पीड़िता नीलम वासुदेव के घर पहुंचकर छल कपट का आरोप लगाते हुए रुपये वापस मांगे। इस पर आरोपियों ने उल्टा ही धमकी देते हुए महिला से कहा कि दो लाख और दो वरना “तेरे इकलौते बेटे को बलात्कार के मुकदमे में फंसा देंगे”।
विरोध करने पर वासुदेव ने महिला पर तमंचे से फायर झोंक दिया। संयोग से महिला बाल-बाल बच गई। पीड़िता थाने पहुंचकर घटना का शिकायती पत्र दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। उसने कोर्ट की शरण ली।
थाना प्रभारी जयप्रकाश शाही ने बताया कि आरोपित पति-पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।


