spot_img

Bareilly : पुलिस ने हत्यारोपित गब्बर को किया गिरफ्तार

बरेली : विशारतगंज थाना क्षेत्र में आवारा पशुओं को भगाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट के दौरान एक व्यक्ति की मौत मामले में आरोपित गब्बर उर्फ वीरेन्द्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

बीते शनिवार कों बरेली में छुट्टा पशुओं को लेकर हुए विवाद में किसान की हत्या हुई थी। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। उनको जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। घटनास्थल पर आला अधिकारी पहुंच गए थे। इसमें फतेहपुर निवासी नन्हें (50) अपने भाई और भतीजे के साथ रहते थे। परिजनों के मुताबिक नन्हें शनिवार शाम को अपने खेत विशारतगंज के पास बने कटरी में फसल की रखवाली को खेत पर गए थे। इस बीच रात में आवारा गोवंश उनके खेत में आ गए। उन्होंने छुट्टा पशुओं कों बाहर निकालना शुरू किया। इससे आवारा पशु दूसरे खेत में चले गए। इससे दूसरे खेत वालों से विवाद शुरू हुआ। विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दूसरे पक्ष ने लाठी डंडों से हमला किया था। जिसमें नन्हे की घटनास्थल पर मौत हो गई। जबकि भाई मुकेश व भतीजा सुरजीत गंभीर रूप से घायल हुआ। फिलहाल घटना के वक्त फरार हुए आरोपित गब्बर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के पास से हत्या में प्रयुक्त हुए डंडे को भी बरामद किया है।

Explore our articles