spot_img

Dantewada : ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से 22 मजदूर हुए घायल, 2 गंभीर, इलाज जारी

दंतेवाड़ा : (Dantewada) जिले के गीदम थाना क्षेत्र अंर्तगत ग्राम बड़े करका मार्ग पर ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से इसमें सवार 22 मजदूर घायल हो गए हैं। इनमें से 2 मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें जगदलपुर के मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अन्य घायलों का दंतेवाड़ा जिला अस्पताल और गीदम मुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। गीदम थाना प्रभारी धनंजय सिन्हा ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से 22 लोग घायल थे, जिन्हें अस्पताल लाया गया है। दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बड़े करका की तरफ सड़क निर्माण का काम चल रहा है, जिसमें छिंदनार और कासोली गांव के ग्रामीण मजदूरी का काम करने ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर आज मंगलवार सुबह आ रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रॉली में सवार 22 मजदूर घायल हो गए, इनमें कुछ महिलाएं भी शामिल है। जिसके बाद उसी इलाके में मौजूद ग्रामीणों ने इसकी जानकारी गीदम थाना और एंबुलेंस को दी। मौके पर जवान और एंबुलेंस पहुंचकर घायलों को पहले गीदम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जिसके बाद इनमें से कुछ को दंतेवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया। इनमें जो दो मजदूर गंभीर रूप से घायल थे उन्हें जगदलपुर के मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

Explore our articles