टोक्यो: (Tokyo) जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा (Japan’s Prime Minister Fumio Kishida) ने आज (सोमवार) यहां प्रमुख जापानी कंपनियों के शीर्ष प्रतिनिधियों की बैठक में अगले साल इस वर्ष की तुलना में कर्मचारियों के वेतन में अधिक वृद्धि करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था उबरने के चौराहे पर है। इसके लिए बिजनेस लॉबी को लेबर फ्रेंडली होना होगा।
किशिदा ने कहा कि वह चाहते हैं कि आप सब सरकार के कदमों का समर्थन करें। उन्होंने अगले वर्ष लागू होने वाली निर्धारित कर कटौती के साथ प्रयोज्य आय के महत्व को भी रेखांकित किया। प्रधानमंत्री की यह टिप्पणी श्रमिक संघों के साथ होने वाली सालाना बैठक से पहले आई है। उन्होंने कहा कि वेतन वृद्धि के मामले में जापान ने चालू कारोबारी वर्ष में लगभग तीन दशकों में सबसे अच्छा परिणाम देखा है। प्रमुख कंपनियों ने कर्मचारियों के वेतन में औसतन 3.99 प्रतिशत और छोटी कंपनियों ने 3 प्रतिशत की वृद्धि की।
उन्होंने कहा कि सरकार और बैंक ऑफ जापान नागरिकों को मौजूदा जीवनयापन संकट से बाहर निकलने और देश को स्थिर मुद्रास्फीति हासिल करने में मदद करने के लिए वेतन वृद्धि को महत्वपूर्ण मानते हैं। इस बैठक का आयोजन जापान की सबसे शक्तिशाली बिजनेस लॉबी (किडानरेन) ने किया। जापान बिजनेस फेडरेशन के प्रमुख मासाकाजू टोकुरा ने प्रधानमंत्री को सहयोग का भरोसा दिलाया।


