spot_img

Kolkata: बंगाल में बढ़ने के बजाय घट रही ठंड, पारा चढ़ा

कोलकाता:(Kolkata) महानगर कोलकाता समेत राज्य के अन्य हिस्सों में जहां ठंड बढ़नी चाहिए वहां तापमान में बढ़ोतरी शुरु हो गई है। क्रिसमस के दिन कोलकाता में न्यूनतम तापमान सामान्य (minimum temperature normal) से तीन डिग्री अधिक 16.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। इसकी वजह से ठंड लगभग कम हो गई है। अधिकतम तापमान भी 25.01 डिग्री सेल्सियस पर है।

कोलकाता के अलावा हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुड़ा समेत राज्य के अन्य हिस्सों में भी तापमान में बढ़ोतरी हुई है। जंगल महल के क्षेत्र में तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के करीब रिकॉर्ड किया गया है जिसके कारण ठंड थोड़ी कम हुई है।

हालांकि उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और कलिमपोंग में तापमान अभी भी 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे है जिसके कारण वहां ठंड अधिक पड़ रही है। मौसम विभाग ने बताया है कि इस हफ्ते के अंत तक एक बार फिर तापमान में कमी का सिलसिला शुरू हो सकता है।

Explore our articles