spot_img

Ranchi: धीरज साहू के पास मिले पैसे से पार्टी का कोई लेना-देना नहीं : अविनाश पांडेय

रांची:(Ranchi) कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व झारखंड प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय (Avinash Pandey) रविवार को रांची पहुंचे। रांची बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही अविनाश पांडेय से पत्रकारों ने धीरज साहू के ठिकानों से मिले 500 करोड़ की बरामदगी को लेकर सवाल किये, जिसपर प्रदेश प्रभारी ने साफ तौर पर कहा कि उनके पास मिले पैसे से कांग्रेस पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है। यह उनका निजी मामला है।

अविनाश पांडेय ने धीरज साहू का बचाव करते हुए कहा कि सभी को पता है कि साहू परिवार झारखंड और राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़े व्यावसायिक घराने की श्रेणी में आता है। आयकर विभाग ने इस मामले में अभी तक कुछ भी स्पष्ट नहीं किया है। जब तक आधिकारिक रूप से आईटी की टीम कोई जानकारी नहीं देती और खुद धीरज साहू के परिवार वाले अपना पक्ष नहीं रखते हैं, तब तक पार्टी इस पर कोई भी टिप्पणी नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि समय आने पर पार्टी भाजपा के हर सवालों का जवाब उनके अंदाज में देगी।

इधर, अविनाश पांडेय के रांची पहुंचने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, मंत्री बन्ना गुप्ता, शहजाना अनवर, सुबोधकांत सहाय, रवींद्र सिंह, जयशंकर पाठक, गुंजन सिंह सहित अन्य ने उनका जोरदार स्वागत किया।

Explore our articles