जामताड़ा : एसपी अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना के आधार रविवार को जामताड़ा साइबर थाना की पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सुब्दीडीह और मुरलीपहाड़ी गांव में छापेमारी की। इस दौरान चार साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया। आरोपितों के पास से 15 मोबाइल, 31 सिम व 03 बाइक जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपितों में गिरीडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव निवासी पियारी मंडल है, जो मुरलीडीह गांव छठियारी का निमंत्रण देने पहुंचा था। पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध गिरीडीह थाना कांड संख्या-17/23 के तहत साइबर अपराध का मामला दर्ज है, जिसमें वह फरार चल रहा था। साथ ही सुब्दीडीह गांव से इजहार अंसारी, मोजाहिद अंसारी और सफाउल अंसारी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार सफाउल अंसारी नारायणपुर थाना क्षेत्र के मानपुर गांव का रहने वाला है। उसके विरुद्ध साल 2017 में नारायणपुर थाना में साइबर अपराध का कांड दर्ज है। मामले में पुलिस की ओर से न्यायालय में चार्जशीट दाखिल किया गया है। इन सभी आरोपितों के खिलाफ जामताड़ा साइबर अपराध थाना में मामला दर्ज किया गया है।
साइबर डीएसपी मन्जरूल होदा और थाना प्रभारी मनोज कुमार ने रविवार को जामताड़ा साइबर थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपितों ने साइबर ठगी का नया तरीका ढूंढ लिया था। खासकर गुजराज और राजस्थान के लोगों से साइबर ठगी करते थे। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों ने स्वीकार किया है कि गूगल सर्च इंजन पर एनिमल प्रोटेक्शन के नाम पर हेल्पलाइन नंबर जारी किया था, जिस हेल्पलाइन पर संपर्क करने वाले सड़क व गली-मुहल्लों में विचरण करने वाले आवारा पशुओं को सुरक्षित रखने का भरोसा देते थे। साथ ही इसके एवज में संपर्क करने वाले व्यक्ति को प्रोसेसिंग चार्ज के रूप में 10 रुपये जमा करने को कहते थे और ठगी का शिकार बना लेते थे।


