spot_img

Mumbai : दो माह के भीतर मराठा आरक्षण देने के लिए युद्ध स्तर पर काम करें जिलाधिकारी : शिंदे

मुंबई : मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को सूबे के सभी जिलाधिकारियों को युद्ध स्तर पर काम करने का निर्देश दिया है। सीएम शिंदे ने कहा कि उनका एक-एक मिनट कीमती है और हमें मराठा समाज को दो माह के भीतर ही आरक्षण देना है। इसलिए काम में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आज सूबे के सभी जिलाधिकारियों की बैठक बुलाई थी। बैठक में सीएम शिंदे ने कहा कि मराठा आरक्षण के लिए आज से ही युद्ध स्तर पर काम शुरू कर दें। एक महीने तक ड्राइव मोड में काम करें। सरकार ने अपना वचन दिया है, उसे पूरा करना ही होगा। हर मिनट, हर घंटा हमारे लिए महत्वपूर्ण है। लोगों को पता होना चाहिए कि सरकार ईमानदारी से प्रयास कर रही है।

दरअसल, राज्य सरकार की ओर से पूर्व न्यायाधीश और मंत्रियों का प्रतिनिधिमंडल मराठा आरक्षण के लिए भूख हड़ताल कर रहे मराठा नेता मनोज जारांगे पाटिल से मिलकर उनसे भूख हड़ताल वापस लेने की मांग की थी। सरकारी प्रतिनिधि मंडल ने मनोज जारांगे से 2 जनवरी तक का समय देने का अनुरोध किया था, लेकिन जारांगे ने भूख हड़ताल खत्म करके सरकार को 26 दिसंबर तक का समय दिया है। इसी वजह मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया है।

Explore our articles