मुंबई : कुख्यात गैंगस्टर रवि पुजारी गिरोह के एक सदस्य विजय पुरुषोत्तम सालवी को पुलिस ने मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। विजय सालवी पर मुंबई और ठाणे में कई रंगदारी वसूलने के मामले दर्ज हैं। इस मामले की पुलिस गहन छानबीन कर रही है।
जानकारी के अनुसार विजय सालवी ने वर्ष 2017 में रोमा बिल्डर्स के महेंद्र पमनानी से रवि पुजारी के नाम पर 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी की रकम न मिलने पर बिल्डर के ठाणे स्थित कार्यालय पर विजय सालवी कुछ बदमाशों को लेकर गया था और बिल्डर को जान से मारने की धमकी दी थी। इसकी शिकायत उस समय बिल्डर ने ठाणे पुलिस के समक्ष की थी। तब से पुलिस विजय सालवी को तलाश कर रही थी। इसी तरह रंगदारी के कई मामले विजय सालवी के विरुद्ध कस्तुरबा मार्ग, समता नगर, कासावडवली पुलिस स्टेशनों में दर्ज थे। इसी वजह पुलिस ने विजय सालवी को फरार आरोपित घोषित किया था और लुकआऊट सर्कूलर जारी किया था।
गुरुवार को विजय सालवी जब दुबई से मुंबई आ रहा था, उसी समय इमीग्रेशन अधिकारियों ने सालवी को पकड़ लिया था। मुंबई एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने विजय सालवी को मुंबई पुलिस को सौंप दिया है। इस मामले की गहन छानबीन कर रही है।


