मेरठ : सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में शुक्रवार को ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इस दौरान साक्षात्कार के बाद छात्रों को लाखों रुपए सालान वेतन पर नौकरी के अवसर उपलब्ध कराए गए।
कृषि विश्वविद्यालय मोदीपुरम के कुलपति प्रो. केके सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को ट्रेनिंग और प्लेसमेंट सेल की तरफ से एक दिवसीय कार्यशाला तथा रोजगार हेतु साक्षात्कार का आयोजन किया गया था। न्यूट्रिमेड हेल्थ केयर कंपनी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बीटेक बायोटेक तथा बीटेक फूड टेक्नोलॉजी के छात्रों ने साक्षात्कार दिया। कंपनी के उत्तर प्रदेश हेड वीके तिवारी ने बताया कि कंपनी हेल्थ केयर के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है। कंपनी का मुख्य कम कीमत पर मानव स्वास्थ्य हेतु सप्लीमेंट उपलब्ध कराया जाए जिससे मानव स्वास्थ्य ठीक बना रहे। उन्होंने कहा कि न्यूट्रामाइड हेल्थ केयर द्वारा 100 प्रतिशत सुरक्षित सप्लीमेंट का उत्पादन किया जा रहा है, जिससे हर भारतीय को कम कीमत पर पोषण सुरक्षा को प्रदान किया जा सके। उन्होंने बताया कि कंपनी द्वारा भारतीय बाजार में विभिन्न न्यूट्रीमेड उत्पादों को लॉन्च किया गया है। पश्चिम उत्तर प्रदेश में भी कंपनी के द्वारा अपना नेटवर्क बढ़ाने के लिए कार्य किया जा रहा है।
कृषि विश्वविद्यालय के निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट प्रो. आरएस सेंगर ने कहा कि आज के समय में छात्रों का सर्वांगीण विकास किया जाना बहुत जरूरी है। जिससे छात्र-छात्राएं साक्षात्कार के समय आसानी से सफल हो सके। 52 छात्र-छात्राओं के साक्षात्कार के बाद आठ छात्रों का चयन किया गया। कंपनी अधिकारियों ने कुलपति प्रो. केके सिंह से मिलकर विश्ववि़द्यालय के शिक्षण कार्यों की सराहना की। इस दौरान प्रो. सत्यप्रकाश, डॉ. देशदीप आदि उपस्थित रहे।



