Home latest Mumbai : पश्चिम रेलवे ने खार एवं गोरेगांव खंड की छठी लाइन...

Mumbai : पश्चिम रेलवे ने खार एवं गोरेगांव खंड की छठी लाइन के काम को गति दी

0
272

मुंबई : पश्चिम रेलवे ने मुंबई उपनगरीय खंड पर छठी लाइन परियोजना को तेजी से पूरा करने का काम शुरू कर दिया है। खार एवं गोरेगांव के बीच 8.8 किमी पर यह काम शुरू हो गया है। इस परियोजना के पूर्ण होने पर यात्रियों, विशेषकर मुंबई उपनगरीय खंड के यात्रियों को लाभ मिलेगा। यह भविष्य में अतिरिक्त ट्रेन सेवाओं को बढ़ाकर मुंबईकरों को बड़ी राहत प्रदान करेगा।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित ठाकुर के अनुसार खार एवं गोरेगांव के बीच छठी लाइन के निर्माण का काम शुरू करने के लिए पश्चिम रेलवे के मुंबई उपनगरीय खंड पर 29 दिनों का ब्लॉक लिया जा रहा है। इसमें अत्यधिक कार्य होने के बावजूद ब्लॉक कार्य की सावधानीपूर्वक योजना बनाई गई है, ताकि रेल यातायात में न्यूनतम व्यवधान के साथ-साथ यात्रियों को कम से कम असुविधा सुनिश्चित की जा सके। उल्लेखनीय है कि ब्लॉक की योजना इसलिए बनाई गई है, जिससे शुरुआती 10 -13 दिनों में कोई ट्रेन निरस्त न हों। 20 अक्टूबर 2023 से ही उपनगरीय ट्रेनें निरस्त की जाएंगी। लगभग 2700 सेवाएं निरस्त और लगभग 400 सेवाएं आंशिक रूप से निरस्त तथा शॉर्ट-टर्मिनेट की जाएंगी। लगभग लंबी दूरी की ट्रेनें भी प्रभावित होंगी। 60 ट्रेनें निरस्त और लगभग 200 आंशिक रूप से निरस्त तथा शॉर्ट-टर्मिनेट होने की संभावना है। इस कार्य के एक भाग के रूप में अंधेरी प्लेटफॉर्म क्रमांक 9 नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य पूरा होने तक 19 व 20 अक्टूबर से निलंबित रहेगा। कार्य के अंतिम दिन अर्थात 4 व 5 नवंबर, 2023 को शनिवार 21.00 बजे से रविवार 21.00 बजे तक रेल पटरियों को हटाने और जोड़ने के लिए बांद्रा टर्मिनस पर 24 घंटे का मेगा ब्लॉक लिया जाएगा।

ठाकुर ने बताया कि इस परियोजना से मुंबई उपनगरीय खंड की लाइन क्षमता में वृद्धि होगी और कॉन्जेशन को कम करने, समयपालनता में सुधार करने तथा अधिक ट्रेन सेवाओं को बढ़ाने में मदद मिलेगी।