spot_img

Gwalior: मुख्यमंत्री आज केन्द्रीय मंत्री सिंधिया के साथ दतिया में रखेंगे नवीन एयरपोर्ट की आधारशिला

मुख्यमंत्री दो दिन में 224 करोड़ रुपये लागत के विकास कार्यों की देंगे सौगात

ग्वालियर: (Gwalior) मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज (Monday) से दतिया जिले के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे और यहां विभिन्न विकास कार्यों की सौगात प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री चौहान आज शाम केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ दतिया में नवीन एयरपोर्ट की आधारशिला रखेंगे। इस मौके पर प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र भी मौजूद रहेंगे। नवीन एयरपोर्ट का निर्माण लगभग 29 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से होगा।

जनसम्पर्क अधिकारी हितेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि मुख्यमंत्री चौहान दतिया में दो दिवसीय प्रवास के दौरान लगभग 224 करोड़ रुपये लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सोमवार सायं 4.45 बजे दतिया के नवीन एयरपोर्ट का शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता केन्द्रीय नागरिक उडडयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया करेंगे, जबकि प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री चौहान आज दतिया में 64 करोड़ 85 लाख के कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे, जिसमें 29 करोड़ 30 लाख की लागत का नवीन एयरपोर्ट के अलावा 14 करोड़ की लागत की 18.3 किलोमीटर लम्बे दतिया से उनाव मार्ग एवं एक करोड़ 55 लाख की लागत से बने शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय का वर्कशॉप भवन शामिल है।

22 अगस्त को इन कार्यों का करेंगे भूमिपूजन एवं लोकार्पण

मुख्यमंत्री चौहान 22 अगस्त को दतिया जिले के सेवढा में 159 करोड़ 19 लाख की लागत के विकास कार्यो का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे। जिसमें 32 करोड़ 59 लाख की लागत का सेवढ़ा में सिंध नदी पर नवीन सेतु का निर्माण, 30 करोड़ की लागत से इंदरगढ, पंडोखर समथर रोड़, 11 करोड़ 95 लाख की लागत के दतिया जिले के सिंहपुरा से तैड़ोत मार्ग में पहूज नदी पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण, 39 करोड़ 89 लाख की लागत के भाण्डेर का सीएम राइज स्कूल, 24 करोड़ 36 लाख की लागत के इंदरगढ़ पिछोर मार्ग पर सिंध नदी पर क्षतिग्रस्त पुल का पुनर्निर्माण, 11 करोड 7 लाख की लागत के भाण्डेर के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय का निर्माण, 4 करोड़ 94 लाख की लागत से चिरोली से घोघूखिरिया वाया बुहारा बीकर मार्ग, 3 करोड़ 39 लाख की लागत का सेमई से मार पहारिया होते हुए चिरौली मार्ग एवं एक करोड़ की लागत से उनाव स्थित मौजा झालमऊ में स्टेडियम निर्माण कार्य का भूमिपूजन शामिल है।

Explore our articles