spot_img

New Delhi : विधानसभा चुनावः भाजपा ने मध्य प्रदेश के लिए 39 और छत्तीसगढ़ के लिए 21 उम्मीदवार घोषित किए

नई दिल्ली: (New Delhi) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनावों का आज शंखनाद कर दिया। हालांकि अभी चुनाव आयोग की ओर से दोनों राज्यों में चुनाव कार्यक्रम को लेकर कोई घोषणा नहीं की गई है। इसके बावजूद पार्टी ने मप्र के लिए 39 और छत्तीसगढ़ के लिए 21 उम्मीदवारों की पहली सूची आज जारी कर दी।

पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बुधवार को देर शाम दोनों राज्यों को लेकर बैठक हुई थी। इस बैठक में उन सीटों की पहचान की गई, जहां पार्टी मजबूत है और जहां पार्टी की स्थिति कमजोर है। बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इससे पहले भाजपा ने राजस्थान में अपनी चुनाव टीम की भी घोषणा की थी।

मध्य प्रदेश के लिए पार्टी ने आज जो सूची जारी की है, उनमें 5 महिलाएं, 8 अनुसूचित जनजाति और 13 अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों के नाम हैं। छत्तीसगढ़ की पाटन विधानसभा सीट पर लोकसभा सदस्य विजय बघेल को उतारा गया है। अभी इसी सीट का प्रतिनिधित्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि साल के अंत में मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में चुनाव होना है। राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है और मध्य प्रदेश में भाजपा शासन में है।

Explore our articles