spot_img

New Delhi : वर्ष 2024 में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का लें प्रण : खड़गे

नई दिल्ली: (New Delhi) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हमें मिलकर वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करना होगा। सभी को इसकी प्रतिज्ञा लेनी है कि भाजपा वर्ष 2024 में सत्ता में वापस न आने पाए। क्योंकि वर्तमान सरकार से देश खुश नहीं है।खड़गे ने गुरुवार को अखिल भारतीय महिला कांग्रेस का राष्ट्रीय सम्मेलन- ”प्रतिज्ञा- उज्ज्वल भारत की” को संबोधित करते हुए कहा कि वह सभी को सलाह देना चाहते हैं कि आप अच्छा काम करें और भाजपा को हटाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के हर कार्यकर्ता को महात्मा गांधी की तरह देश के प्रति समर्पित भाव से काम करना होगा। हमें बिना पद का लोभ किए देश के लिए अपना योगदान देने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि हम अपने लिए राजनीति में नहीं आए हैं। राजनीति एक सेवा है। हमें सेवा भाव से काम करना होगा।खड़गे ने कहा कि गांधी को क्या मिला? न वह इस देश के प्रधानमंत्री बने और न ही राष्ट्रपति। लेकिन अपना पूरा जीवन देश को समर्पित कर दिया, भारत को आजादी दिलाई।खड़गे ने कहा कि इस आयोजन में दो दिनों तक चिंतन-मंथन होगा और आगामी लोकसभा- विधानसभा चुनावों की रणनीति बनेगी। मेरा विश्वास है कि आपने जो वादा किया है, वो आगामी चुनावों में पूरा कर दिखाएंगे।

तालकटोरा स्टेडिएम आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह बोलते हैं कि कांग्रेस ने सत्तर साल में क्या किया? हम उनको बताना चाहते हैं कि हमने लोकतंत्र और संविधान को बचाकर रखा, इसलिए आप प्रधानमंत्री बन पाए।खड़गे ने कहा कि देश को एकजुट रखने के लिए इंदिरा और राजीव ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। कांग्रेस पार्टी के बड़े-बड़े नेताओं ने देश के लिए अपनी जान दी। क्या भाजपा के पास भी ऐसा कोई नेता है?

Explore our articles