spot_img

Chandigarh : हरियाणा में जारी रहेगी क्लर्कों की हड़ताल

सीएम के साथ वार्ता में भी नहीं हुआ समझौता
चंडीगढ़:(Chandigarh)
हरियाणा के सरकारी विभागों में तैनात हड़ताली क्लर्कों तथा प्रदेश सरकार के बीच गतिरोध लगातार जारी है। क्लर्कों के साथ तीन बार अधिकारियों की बैठक विफल रहने के बाद गुरुवार की रात मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने खुद मोर्चा संभाला और हड़ताली क्लर्कों के साथ देररात तक वार्ता की। सीएम के साथ पहली बार हुई बातचीत में कोई ठोस फैसला तो नहीं हुआ लेकिन सरकार सीधे वेतन बढ़ाने की बजाय अतिरिक्त भत्ते देने के लिए तैयार हो गई है।

हरियाणा में सरकारी विभागों, बोर्ड व निगमों के क्लर्क बीती पांच जुलाई से हड़ताल पर चल रहे हैं। इसके कारण न केवल कामकाज प्रभावित हो रहा है बल्कि सरकार को भी करोड़ों के राजस्व का नुकसान हो चुका है। हड़ताली क्लर्क अपना वेतन बढ़ाकर 35 हजार 400 रुपये करने की मांग कर रहे हैं। हड़ताल के चलते सीएमओ के अधिकारियों की लिपिकों के साथ 13 जुलाई, 21 जुलाई और 26 जुलाई को बैठकें हो चुकी हैं। गुरुवार को लिपिक एसोसिएशन के प्रधान विक्रांत तंवर और संगठन सचिव नेत्रपाल सहित अन्य पदाधिकारियों की मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ बैठक हुई। देररात तक चली इस बैठक में मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि 35 हजार 400 रुपये वेतनमान नहीं दिया जा सकता। सरकार 25 हजार रुपये बेसिक वेतन देने को तैयार है, जो पड़ोसी राज्यों में सबसे ज्यादा है। इसके बावजूद लिपिक एसोसिएशन के पदाधिकारी अपनी मांग पर अड़े रहे।

मुख्यमंत्री ने लिपिकों को अलग से कुछ भत्ते देने की बात कही है, जिसके लिए वित्त विभाग के अधिकारियों की राय ली जाएगी। देर रात तक बैठक में कोई नतीजा नहीं निकल पाया। सरकार ने अब लिपिकों को अगले चरण की वार्ता के लिए 16 या 17 अगस्त को फिर बुलाने की बात कही है। इस बीच क्लर्कों ने शुक्रवार को हड़ताल जारी रखने का ऐलान कर दिया है। क्लर्क एसोसिएशन के प्रतिनिधियों का कहना है कि सरकार द्वारा जब भी उन्हें बातचीत के लिए बुलाया जाएगा वह बैठक में भाग लेने के लिए तैयार हैं।

Explore our articles