spot_img

Jaipur : मुख्यमंत्री आंकड़ों की आड़ में कब तक बच्चियों के साथ गैंगरेप कर ज़िंदा जलाने की घटनायें छिपाते रहेंगेः वसुन्धरा राजे

जयपुर : पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा कि हर रोज़ औसतन 20 दुष्कर्मों की खबरों के बीच भीलवाड़ा में एक मासूम बच्ची के साथ गैंगरेप कर उसको भट्टी में ज़िंदा जला देने के समाचार ने एक बार फिर से सिद्ध कर दिया है कि राजस्थान महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित प्रदेश बन गया है। वह प्रदेश जहां हमारी पिछली भाजपा सरकार ने ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए फांसी की सजा का प्रावधान किया था। कई दुष्कर्मियों को फांसी की सजा भी सुनाई गई थी।

राजे ने एक बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आंकड़ों की आड़ में कब तक ऐसी घटनाओं को छिपाते रहेंगे? उनकी नाकामियों से भरी उपलब्धियों के आंकड़ों में हर रोज़ उनकी बेशर्मी भी दर्ज होती जा रही है जिससे राजस्थान की छवि निरंतर ख़राब हो रही है।

पूर्व सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री नैतिकता निभाइए। बहन-बेटियों की अस्मत बचाइए। उनको न्याय दिलाइए।उन्होंने कहा कि अब तो महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर अब दुख जताने के लिए शब्द भी कम पढ़ रहे हैं।

Explore our articles