धौलपुर : शहर के मचकुंड रोड इलाके में गुरुवार दोपहर एक विदेशी पर्यटक ने जमकर उत्पात मचाया। नशे में धुत इस विदेशी पर्यटक ने स्थानीय लोगों के साथ में हाथापाई तक कर दी। रूस के रहने वाले पर्यटक द्वारा उत्पात मचाने की सूचना के बाद में कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने नशे की हालत में ही विदेशी पर्यटक को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया है।
युवक के पास मिले पासपोर्ट के मुताबिक रूस के रहने वाले इस विदेशी पर्यटक का नाम रोमन अलेक्स सेन्ड्रोविच है। वह दो अगस्त को ही रूस से दिल्ली पहुंचा है। जानकारी के मुताबिक यह युवक गुरुवार सुबह दिल्ली से संभवत: मुंबई की ओर जा रहा था तथा गुरुवार सुबह भूलवश या नशे की हालत में धौलपुर स्टेशन पर उतर गया। इसके बाद में उसने एक ऑटो किराए पर लिया और मचकुंड की ओर चला गया। मचकुंड रोड इलाके में स्थानीय लोगों तथा मजदूरों के साथ में उसने हाथापाई कर दी तथा नशे की हालत में जमकर उत्पात मचाया। एक विदेशी पर्यटक द्वारा नशे की हालत में मचकुंड रोड पर उत्पात मचाने की सूचना पर कोतवाली पुलिस के एएसआई मोहन मीणा मौके पर पंहुचे तथा कडी मशक्कत के बाद में विदेशी युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात ड्यूटी डा. राजेश जादौन ने उसका स्वास्थ्यय परीक्षण किया। डा. जादौन ने बताया कि युवक की स्थिति देख कर लग रहा है कि इसने कोई नशा किया हुआ है। काफी कोशिश के बावजूद उसने अपना मुंह नहीं खोला, जिससे ऐसा लगता है कि कोई ड्रग्स अभी भी उसके मुंह में है। ड्रग्स लेने के कारण ही यह विदेशी युवक एग्रेसिव होकर आसपास के लोगों पर हमला करने पर उतारू हो रहा है। हालांकि इसकी हालत अभी ठीक है। फिलहाल जिला अस्पताल के ट्रोमा वार्ड में इसका उपचार किया जा रहा है। साथ ही इस संदर्भ में आगे अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।


