जैसलमेर:(Jaisalmer) अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राजस्थान के लोकदेवता बाबा रामदेव की नगरी और जैसलमेर जिले में स्थित रामदेवरा के रेलवे स्टेशन व अन्तरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त तथा स्वर्ण नगरी के रूप में पहचान प्राप्त जैसलमेर के रेलवे स्टेशन सहित जोधपुर रेल मंडल के पंद्रह रेलवे स्टेशनों का वर्चुअली शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा छह अगस्त को किया जाना प्रस्तावित है।
जोधपुर रेल मंडल के सीनियर पीआरओ पुरुषोत्तम परवल ने हिन्दुस्थान समाचार को जानकारी देते हुए बताया कि मंडल के जोधपुर, जैसलमेर, रामदेवरा, बालोतरा, डीडवाना, गोटन, डेगाना, सुजानगढ़, नोखा, देशनोक, नागौर, रेण, मेड़ता रोड, फलोदी व बाड़मेर के रेलवे स्टेशनों के विकास कार्यों का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा छह अगस्त को प्रस्तावित है। इस संबंध में आवश्यक तैयारियां की जा रही है।
गौरतलब है कि जैसलमेर रेलवे स्टेशन का एक सौ चालीस करोड़ की लागत से एयरपोर्ट की तर्ज पर पुनर्निर्माण का कार्य प्रगति पर है। वहीं लोकदेवता बाबा रामदेव की नगरी जिले के रामदेवरा के रेलवे स्टेशन पर 18.22 करोड़ की लागत से पुनर्विकास किया जाएगा। रामदेवरा में भाद्रपद व आश्विन माह में अंतरराज्यीय मेले का आयोजन होता है जिसमें कई प्रान्तों से लाखों की संख्या में बाबा की समाधि पर धोक लगाने आते हैं। रामदेवरा में प्रस्तावित नए स्टेशन पर वृद्ध,विकलांग,बच्चों सहित आम यात्रियों के लिए सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होगी।


