हिसार : पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने जिंदल पार्क से चोरी हुई मोटरसाइकिल के मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें दुर्जनपुर निवासी राजेश उर्फ ज्ञानी, मलापुर निवासी अमित और नंगथला निवासी विकास शामिल हैं। तीनों से चोरीशुदा 12 मोटरसाइकिल बरामद किए गए हैं।
मुख्य सिपाही राजकुमार ने मंगलवार को बताया कि शहर थाना में मुल्तानी चौक निवासी प्रवीन कुमार ने 21 जुलाई को जिंदल पार्क के सामने से मोटरसाइकिल चोरी होने के बारे में शिकायत दी थी। इस पर केस दर्ज करके छानबीन करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने उनसे चोरीशुदा मोटरसाइकिल सहित अलग अलग जगह से चुराई गई कुल 12 मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपित अमित नशे का आदी है जिसकी पूर्ति के लिए अमित और राजेश ने मिलकर मोटरसाइकिल चुराने शुरू किए। दोनों आरोपित मोटरसाइकिल चुराने के बाद इन्हें बेचने जाते तो खरीददार इनसे मोटरसाइकिल के कागजात और इनके आईडी प्रूफ मांगता जिस कारण वे चोरीशुदा मोटरसाइकिल बेच नहीं पाए।
नंगथला निवासी विकास अपने घर पर ही कबाड़ी का काम करता है। ये दोनों विकास के पास गए और इनके बीच तय हुआ कि विकास चोरीशुदा मोटरसाइकिल को काटकर बेच देगा और आरोपित मोटरसाइकिल चोरी कर विकास के घर पर छोड़ देते। विकास इन्हें कुछ रुपए दे देता था। राजेश और अमित ने 21 जुलाई को जिंदल पार्क के पास से मोटरसाइकिल चोरी करके विकास के घर पर छोड़ी थी जिसके बदले में इन्हें 1000 रूपए मिले। पुलिस ने विकास के घर गांव नंगथला से आरोपितों द्वारा अलग अलग जगह से चुराई गई 12 मोटरसाइकिल बरामद की है।


