हुगली:(Hooghly) हुगली जिले के चंडीताला थानांतर्गत मोशाट ग्राम पंचायत के भाजपा नेता देबब्रत घोष का दावा है कि जब से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने हमारे घर का दौरा किया है उसके बाद से ही उन्हें स्थानीय तृणमूल नेतृत्व तरह-तरह से परेशान कर रहा है।
ताजा मामले में उन्हें पंचायत की ओर से मकान में किरायेदार रखने के वैध दस्तावेजों के साथ 28 जुलाई को पंचायत कार्यालय में आने का निर्देश दिया गया है।
देबब्रत घोष का कहना है कि वह एक सक्रिय भाजपा नेता हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने पंचायत चुनाव से पहले पिछले मई में उनके घर का दौरा किया था। भाजपा नेता ने कहा कि उन्हें 28 जुलाई को पंचायत कार्यालय में उपस्थित होने का आदेश दिया गया है। पंचायत द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि भाजपा नेता ने व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए अपने आवास में किरायेदारों को रखकर लाभ कमाया है और पंचायत यह जानना चाहती है कि क्या इसके लिए कोई वैध अनुमति है। भाजपा नेता ने आगे आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़ा होने के कारण उनको इस प्रकार परेशान किया जा रहा है।
भाजपा नेता ने यह भी बताया कि उनके घर में कोई किरायेदार नहीं है और वे कारोबार भी नहीं करते हैं। हालांकि उनका दावा है कि कुछ लोगों को उन्होंने अपने घर में आश्रय जरूर दिया है। देवब्रत घोष ने कहा कि उन्होंने मामले की जानकारी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को दी है।
वहीं पंचायत प्रधान संजीत दाड़ी ने कहा कि यहां कोई राजनीतिक प्रतिशोध नहीं है। पंचायत जानना चाहती है कि वे कानूनी तौर पर अपना कारोबार कर रहे हैं या नहीं। इसीलिए पंचायत ने वैध दस्तावेजों के अनुसार साथ मिलने को कहा है। हालांकि पंचायत चुनाव के नतीजे घोषित हो चुके हैं, लेकिन कोर्ट के आदेश से नए बोर्ड के गठन की प्रक्रिया रुकी हुई है। यह भी सवाल उठाया गया है कि क्या निवर्तमान पंचायत बोर्ड इस तरह से नोटिस भेज सकता है? हालांकि, हुगली की जिलाधिकारी पी दीपप प्रिया ने कहा कि निवर्तमान बोर्ड नये बोर्ड के गठन तक कार्य कर सकता है।


