नई दिल्ली : बुधवार को विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा में वन (संरक्षण) संशोधन विधेयक पारित कर दिया गया। वन (संरक्षण) संशोधन विधेयक का लक्ष्य रक्षा परियोजनाओं की राह आसान करना, गैर वनभूमि पर वृक्षारोपण को बढ़ावा देना और केंद्र सरकार को निर्देश जारी करने का अधिकार देना है। इसके साथ इस विधेयक का उद्देश्य वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों के साथ-साथ सीमावर्ती और आदिवासी क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी को बढ़ावा देना है।
यह विधेयक पहली बार इस साल 29 मार्च को संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा में पेश किया गया था। यह विधेयक 1980 वन संरक्षण अधिनियम में संशोधन करता है, जिसमें वन भूमि के अनियंत्रित और नियमित उपयोग की जांच करने के लिए लाया गया था।
मंत्रालय के अनुसार विधेयक में वानिकी गतिविधियों जैसे अग्रिम पंक्ति के लिए बुनियादी ढांचे जैसी अधिक गतिविधियों को शामिल करने से जंगलों में प्राकृतिक खतरों के प्रति त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। इसके साथ इस विधेयक के पारित हो जाने से चिड़ियाघर और सफ़ारी आदि की स्थापना जैसी गतिविधियां सरकार के स्वामित्व में होंगी और संरक्षित क्षेत्रों के बाहर केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण द्वारा अनुमोदित योजना के अनुसार स्थापित की जाएंगी। इसी प्रकार वन क्षेत्रों में अनुमोदित कार्य योजना या वन्यजीव प्रबंधन योजना या बाघ संरक्षण योजना के अनुसार पारिस्थितिक पर्यटन शुरू किया जाएगा। ऐसी सुविधाएं वन भूमि और वन्यजीवों की सुरक्षा और संरक्षण के महत्व के बारे में संवेदनशील बनाने और जागरूकता पैदा करने के अलावा स्थानीय समुदायों के आजीविका स्रोतों में भी वृद्धि करेंगी और इस तरह उन्हें विकास की मुख्यधारा से जुड़ने के अवसर प्रदान करेंगी।
केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि लोकसभा द्वारा पारित विधेयक में प्रस्तावित संशोधन वनों के संरक्षण और संवर्द्धन के लिए अधिनियम की भावना को नवीनीकृत करेगा। ये संशोधन वनों की उत्पादकता बढ़ाने, वनों के बाहर वृक्षारोपण बढ़ाने और स्थानीय समुदायों की आजीविका आकांक्षाओं को पूरा करने के अलावा नियामक तंत्र को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होंगे।


