spot_img

Mumbai : महाराष्ट्र में 14 हजार 429 स्थानों पर प्रधानमंत्री किसान सुविधा केंद्र का लोकार्पण: चंद्रशेखर बावनकुले

मुंबई : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि महाराष्ट्र में गुरुवार को 14,429 स्थानों पर प्रधानमंत्री किसान सुविधा केंद्र का लोकार्पण किया जाएगा। बावनकुले ने कहा कि वे खुद नवी मुंबई में एक केंद्र में उपस्थित रहेंगे। इसी तरह राज्य के सभी भाजपा सांसद, विधायक और पदाधिकारी इन केंद्रों पर उपस्थित रहकर आम जनता का मार्गदर्शन करेंगे।

चंद्रशेखर बावनकुले ने बुधवार को मुंबई में पत्रकारों को बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों गुरुवार को राजस्थान के सिकर में आयोजित एक कार्यक्रम में 1.25 लाख पीएम किसान समृद्धि केंद्र राष्ट्र को समर्पित किये जायेंगे। इन केंद्रों से खाद की बिक्री के साथ ही किसानों को मृदा परीक्षण, बीज परीक्षण जैसी कई सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इसी कार्यक्रम के तहत महाराष्ट्र में प्रधानमंत्री किसान सुविधा केंद्र योजना किसानों को ये सारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के लिए शुरू की जा रही है। इन केंद्रों के शुरू होने से किसानों के साथ धोखाधड़ी पर लगाम लगेगी। किसानों को मिट्टी, बीज और उर्वरक परीक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराना, केंद्र व राज्य सरकार की किसान संबंधित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना, फसल बीमा योजना का पंजीकरण करने जैसी कई सुविधाएं इन केंद्रों पर उपलब्ध होंगी।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महासचिव विक्रांत पाटिल, संजय केनेकर, मुख्य प्रवक्ता केशव उपाध्ये, मीडिया विभाग प्रमुख नवनाथ बन, प्रवक्ता गणेश हाके आदि इस दौरान उपस्थित रहे।

Explore our articles