झांसी : आगामी मोहर्रम, श्रावण मास कांवड़ यात्रा व अन्य त्योंहारों को सकुशल संपन्न कराए जाने के लिए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने जनपद के विभिन्न विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। ताजियादारों के अखाड़ों में प्रतिबंधित हथियारों के प्रदर्शन पर रोक रहेगी।
जिलाधिकारी ने विभिन्न धर्म समुदाय के लोगों से त्योहारों को शांति एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाए जाने की अपील की है। साथ ही सड़क बाधित कर कोई धार्मिक आयोजन न करने के लिए हिदायत दी। उन्होंने कहा कि सरकार की जारी गाइडलाइन का पालन करते हुए सभी लोग आपस में मिलजुल कर आपसी सौहार्द व भाईचारे के साथ अपना-अपना त्योहार मनाएं।
उन्होंने जुलूस के दौरान ड्रोन के माध्यम से भी जुलूस पर सतत निगरानी रखे जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि असामाजिक व अराजकता फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी व्यक्ति के संज्ञान में ऐसा कोई मामला आता है तो तुरंत सम्बंधित थाना पुलिस को अवगत कराएं, जिससे कि कोई अप्रिय घटना घटित न हो। सोशल मीडिया पर सतर्क दृष्टि रखी जा रही है। जो भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भ्रामक व अफवाह फैलाने के उद्देश्य से पोस्ट करेगा, उसके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।


