जौनपुर : जिले के निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान चिकित्सक महिला के पेट में कपड़ा भूल गए। आराम न मिलने पर पीड़ित ने मुंबई के अस्पताल में ऑपरेशन करके महिला के पेट से कपड़ा निकलवाया। मंगलवार को पीड़ित के पति ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर दोषी पर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित महिला के पति जैनेन्द्र कुमार विश्वकर्मा ने एसपी को दिए अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि एक वर्ष पूर्व प्रसव पीड़ा होने पर पत्नी को नगर के उजाला हॉस्पिटल में कराया था। पेट में दर्द होने पर उसी अस्पताल से करीब सात-आठ माह तक दवा कराया, लेकिन आराम नहीं मिला। उसने पत्नी को मुंबई के एक अस्पताल में दिखाया। जांच में पाया गया कि महिला के पेट में कपड़ा है। डॉक्टरों ने ऑपरेशन करके पेट से कपड़ा निकाल दिया। पीड़ित महिला के पति ने एसपी से मिलकर उजाला अस्पताल के डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाकर कार्रवाई करने की मांग की है।
इस मामले में डिप्टी सीएमओ राजीव यादव ने बताया कि जांच के लिए टीम गठित कर दी गयी है। रिपोर्ट के आधार पर के दोषी डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।


