Home latest Mumbai : किसानों के हित को प्राधान्य देंगे: एकनाथ शिंदे

Mumbai : किसानों के हित को प्राधान्य देंगे: एकनाथ शिंदे

0
329

मुंबई : मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि सरकार किसी भी कीमत पर किसानों के हित को प्राधान्य देगी। मुख्यमंत्री शिंदे मुंबई में सह्याद्रि अतिथिगृह में विधानमंडल के मानसून सत्र की पूर्व संध्या पर सरकार की ओर से आयोजित कार्यक्रम के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए यह बात कही। मौके पर उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजीत पवार भी उपस्थित थे। विपक्ष ने सरकार के चाय-पान कार्यक्रम का बहिष्कार किया था।

मुख्यमंत्री शिंदे ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि हमेशा की तरह विपक्ष चाय पान में शामिल नहीं हुआ, लेकिन विपक्ष को चाय पान में शामिल होना चाहिए था। चाय पान में चर्चा से लोगों की समस्याएं निपटाने में मदद मिलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष इस समय परेशान है, संख्या घट गई है, लेकिन इसके बाद भी सरकार विपक्ष के प्रति सकारात्मक रुख अपनाने वाली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बारिश अच्छी नहीं हुई है। हमें बारिश की भी चिंता है। बारिश न होने से अधिकांश किसानों की अभी तक बुवाई नहीं हो सकी है। लेकिन ये सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री शिंदे ने वादा किया कि वे किसानों को हवा में यूं ही नहीं छोड़ेंगे। उनके साथ पूरी तरह न्याय किया जाएगा।

इस मौके पर देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हम सत्र के दौरान सभी मुद्दों पर चर्चा करेंगे। हमारी ताकत बढ़ गई है, लेकिन हम सुनिश्चित करेंगे कि हम इसका दुरुपयोग न होने दें। जनता के हित के जो भी मुद्दे विपक्ष उठाएगा, उसका समाधान किया जाएगा। फडणवीस ने कहा कि पिछले एक साल के कामकाज की वजह से विदेशी निवेश के मामले में महाराष्ट्र नंबर वन पर पहुंच गया है।

मौके पर अजित पवार ने कहा कि हमें विधानसभा के नियम और कानून का पता है, उन्हीं नियमों के आधार पर कामकाज किया जाएगा। विपक्ष के सभी सवालों को कारगर तरीके से जवाब दिया जाएगा और सदन के कामकाज का उपयोग किसानों के हित को ध्यान में रख कर किया जाएगा।