Home Jaipur Jaipur : मन को मोहता है राजस्थानी संगीत – राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

Jaipur : मन को मोहता है राजस्थानी संगीत – राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

0
324

राष्ट्रपति ने विवाह गीत की कॉफी टेबल बुक्स का किया अवलोकन

उसके त्रिभाषी विवरण और चित्रों को सराहा

जयपुर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि राजस्थान की संस्कृति बहुत समृद्ध और बेजोड़ है। विशेष कर यहाँ के संगीत एवं नृत्य के साथ-साथ राजस्थानी व्यंजनों और मान-मनुहार की पूरी दुनिया में धूम है । राष्ट्रपति मुर्मू ने शनिवार को जयपुर स्थित राज भवन में भारतीय भाषा और संस्कृति संगम के प्रतिनिधि मंडल से भेंट की। इस दौरान वीणा समूह (जयपुर) द्वारा विवाह गीत पर तीन भाषाओं में सचित्र प्रकाशित कॉफी टेबल बुक्स का अवलोकन करते हुए उक्त बात कही। राष्ट्रपति मुर्मू ने विवाह के गीतों को राजस्थानी के साथ हिन्दी और अंग्रेज़ी में भी लिखने के साथ कठिन शब्दों का अर्थ दिए जाने को बहुत उपयोगी बताया।

राष्ट्रपति मुर्मू ने बताया कि उन्हें ओडीसा में अपने गाँव के निकट राजस्थानी परिवारों की शादी ब्याह में आने जाने और उनकी संस्कृति को निकट से देखने का सौभाग्य मिला, जिसकी छाप आज भी उनके मन मस्तिक पर अमिट बनी हुई है । राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि उनके मन के राष्ट्रपति भवन में राजस्थानी कलाकारों को आमंत्रित करने की इच्छा है। जल्दी ही वे ऐसा कोई आयोजन करेंगी और इससे उन्हें खुशी ही मिलेगी।

दो सौ बाईस विवाह गीतों का विश्व का सबसे बड़ा संकलन

राष्ट्रपति को इस मौके पर बताया गया कि दो कॉफी टेबल बुक्स में कुल मिलाकर दो सौ बाईस (222) विवाह गीतों के विश्व के सबसे बड़े विवाह गीत संकलन में विवाह की सभी रस्मों के गीत और चौबीस पेंटिंग्स संकलित हैं। इस ग्रन्थ का प्रकाशन बारह वर्षों के गहन अध्ययन के बाद किया गया है। वीणा समूह के अध्यक्ष के.सी.मालू ने बताया कि राजस्थान के गाँवों और ढानियों में जाकर एक हज़ार गीतों के अध्ययन के बाद दो सौ बाईस विवाह गीतों का चयन किया गया है।

प्रतिनिधि मंडल में संगम के संरक्षक और वीणा म्यूज़िक के प्रबंध निदेशक हेमजीत मालू, अध्यक्ष कुमेश कुमार जैन और सलाहकार गोपेंद्र नाथ भट्ट और सहयोगी नीति गोपेन्द्र भट्ट शामिल थे। राष्ट्रपति को उन्होंने राजस्थानी कला और संस्कृति पर आधारित बहुरंगी मासिक पत्रिका स्वर सरिता पत्रिका का अंक और विवाह गीत पर जारी दो कॉफी टेबल बुक का मय कैसेटस और पेन ड्राइव का सेट भेंट किया।