चंडीगढ़: (Chandigarh) पंजाब सरकार राज्य में पोषण अभियान के अंतर्गत कुपोषण और एनीमिया के ख़ात्मे के लिए 12 जुलाई से 12 अगस्त, 2023 तक विशेष जागरूकता माह मनाने जा रही है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री बलजीत कौर ने शनिवार को बताया कि पहले ही एनीमिया के साथ लड़ने के लिए हर बुधवार को आंगनवाड़ी केन्द्रों में एनीमिया दिवस मनाया जाता है। यह महिलाओं, किशोर लड़कियों, दूध पिलाने वाली माताओं और गर्भवती महिलाओं में एनीमिया के बुरे प्रभावों के बारे जागरूकता पैदा करता है। एनीमिया के ख़ात्मे के लिए राज्य भर में 12 जुलाई से 12 अगस्त, 2023 तक विशेष मुहिम चलाई जा रही है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि यह मुहिम स्वस्थ खाने-पीने की आदतों को उत्साहित करने, स्वास्थ्य विभाग के साथ मिल कर पौष्टिक पूरक मुहैया करवाने और मानक सेवाएं प्रदान करने के लिए स्वास्थ्य प्रणाली की क्षमता को मज़बूत करने पर केंद्रित होगी।डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग की तरफ से स्वास्थ्य परिवार कल्याण विभाग और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आर. बी. ऐस. के.) के सहयोग के साथ लोगों को एनीमिया की रोकथाम और इलाज के बारे जागरूक करने के लिए नियमित तौर पर अलग-अलग जागरूकता गतिविधियां करवाई जाती हैं।
मंत्री ने बताया कि मुहिम के दौरान विभाग लोगों को एनीमिया के लक्षणों, कारणों, नतीजों और समय पर डॉक्टरी देखभाल की महत्ता और लक्ष्य के बारे जागरूक करने के लिए आंगनवाड़ी केन्द्रों और मोहल्ला क्लीनिकों में सेहत कैंप, रैलियाँ और अन्य समागमों का आयोजन करेगा। इस मुहिम का उद्देश्य मौजूदा वित्तीय साल में एनीमिया को 2 प्रतिशत तक घटाना है।


