spot_img

Bhopal : महिला सहकर्मी से एसआई ने की अश्लील हरकत, आयोग ने मांगा जवाब

भोपाल : मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने पुलिस मुख्यालय में पदस्थ एक महिला कर्मचारी से एसआई द्वारा अश्लील हरकत किए जाने पर संज्ञान लिया है। मामले में मप्र मानव अधिकार आयोग ने पुलिस कमिश्नर, भोपाल से प्रकरण की जांच कराकर की गई कार्यवाही के संबंध में तीन सप्ताह में जवाब मांगा है।

आयोग द्वारा शुक्रवार को दी गई जानकारी के अनुसार पुलिस मुख्यालय, भोपाल में ही महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। जानकारी के अनुसार चौथी मंजिल पर संचालित प्रशासन शाखा में पदस्थ एसआई कपूरचंद मालवीय ने एक महिला सहकर्मी से छेड़खानी की। बीते 28 जून को मालवीय ने जरूरी काम के लिये महिला को देर रात तक कार्यालय में बैठाये रखा। बाद में मौका देखकर अश्लील हरकत की। शुरूआती जांच में एसआई के नशे में होने की बात सामने आई है। एसआई को सस्पेंड कर जांच का जिम्मा महिला सुरक्षा शाखा की एआईजी को सौंपा गया है। एफआईआर दर्ज नहीं होने पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। पीड़िता और आरोपी के बयान हो चुके हैं।

रात में चौकी पर नहीं मिलती पुलिस, परेशान हो रहे यात्री

भोपाल शहर के हलालपुर बस स्टैंड पर बनी चौकी लंबे समय से सुनसान है। पुलिस की गैरमौजूदगी बसों में सफर करने वालों के लिये परेशानी का सबब बन रही है। खासकर रात के वक्त यहां पुलिस की मदद नहीं मिलने पर यात्रियों को कोहेफिजा थाने तक जाना पड़ता है। इधर पुलिस के अफसर चौकी पर जवानों की तैनाती न होने को लेकर चिंतित नहीं है। यह हाल तब हैं, जब आये दिन बसों में यात्रियों और कंडेक्टर के बीच अधिक किराया वसूली के कारण विवाद होते हैं। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने पुलिस कमिश्नर, भोपाल से प्रकरण की जांच कराकर 15 दिन में जवाब मांगा है।

पुलिस वाहन व बाइक की भिड़ंत में भाइयों की मौत

दमोह जिले के पटना मानगढ़ निवासी खुब्बी लाल अहिरवार व रत्नेश अहिरवार नोहटा से डीजल लेकर गांव लौट रहे थे, तभी बनवार रोड़ पर चैकी के पास पुलिस वाहन और बाइक की भिडंत से दोनो भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। मामले में संज्ञान लेकर मप्र मानव अधिकार आयोग ने एसपी, दमोह से प्रकरण की जांच कराकर तीन सप्ताह में जवाब मांगा है।

Explore our articles