नैनीताल:(Nainital) पहाड़ों पर गुरुवार को अचानक मौसम बदल गया है। नैनीताल में अतिवृष्टि जैसे हालात हैं। कुछ ही घंटों की बारिश में नगर के राजभवन मार्ग पर सुबह 8 बजे के करीब बड़ा भूस्खलन हो गया है और भूस्खलन जारी है।
मार्ग पर खासकर चार पहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित करने की स्थिति उत्पन्न हो गई है। साथ ही इससे नीचे लंघम छात्रावास और रॉक हाउस क्षेत्र में पत्थर-बोल्डर गिरने का भय उत्पन्न हो गया है। नगर की सभी सड़कें नाला बन गई हैं, जबकि नाले उफन पड़े हैं। सुबह बच्चे भीग कर स्कूल पहुंचे हैं। आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। लोगों के घरों-दुकानों में भी पानी घुस गया है।
इतनी हुई हुईं बारिश
मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह 8 बजे तक बीते 24 घंटों में नैनीताल मुख्यालय में 54.3, कोश्यां कुटौली-कैंची धाम में 26.3, हल्द्वानी में 28, धारी में 60, बेतालघाट में 41, कालाढुंगी में 25, रामनगर में 13.4 व मुक्तेश्वर में सर्वाधिक 60.3 मिमी बारिश हुई हैं
ये सड़कें बंद-
नैनीताल जनपद में 5 राज्य माग, 1 जिला मार्ग एवं 14 ग्रामीण मार्गों सहित कुल 20 सड़कें बारिश के दौरान मलबा आने से बंद हो गए हैं। इनमें नैनीताल-किलबरी, भुजान-बेतालघाट, बेतालघाट-रामनगर, रामनगर-भंडारपानी, गर्जिया-बेतालघाट, कांडा डॉन-परेवा, देवीपुरा-सौड़, कांडा-डौमास, कौंता-हरीश ताल, मोरनौला-भीड़ापानी, रातीघाट-बुधलाकोट, हरतपा-हली, नौना-ब्यासी, भंडारपानी-पाटकोट, भीमताल-ढुंगशिल, पतलोट-ल्वाड़ डोबा, डाबर-डडोली, ल्वाड़ डोबा-गौनियारो, श्यामखेत-कूड़ व हरिनगर-चंदादेवी शामिल हैं। विद्युत व पेयजल आपूर्ति फिलहाल सामान्य बताई गई है।


