लेफ्टिनेंट जनरल अनिल पुरी के सेवानिवृत्त होने के बाद चार माह से रिक्त था यह पद
इस विभाग का नेतृत्व सचिव के रूप में करते हैं चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ
नई दिल्ली: (New Delhi) वाइस एडमिरल अतुल आनंद ने सोमवार को सैन्य मामलों के विभाग (डीएमए) के अतिरिक्त सचिव के रूप में पदभार संभाला। यह पद पहले लेफ्टिनेंट जनरल अनिल पुरी के पास था, जो उनके 28 फरवरी को सेवानिवृत्त होने के बाद चार माह से रिक्त था। इस विभाग का नेतृत्व चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) सचिव के रूप में करते हैं और इसे तीनों सेनाओं के बीच तालमेल को बढ़ावा देने के लिए बनाया गया है।
वाइस एडमिरल अतुल आनंद 01 जनवरी, 1988 को भारतीय नौसेना की कार्यकारी शाखा में नियुक्त हुए थे। वह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (71वां कोर्स, डेल्टा स्क्वाड्रन) के पूर्व छात्र हैं। वह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (71वां कोर्स, डेल्टा स्क्वाड्रन), रक्षा सेवा कमान और स्टाफ कॉलेज, मीरपुर (बांग्लादेश) और राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज, नई दिल्ली के पूर्व छात्र हैं। वाइस एडमिरल अतुल आनंद को अति विशिष्ट सेवा पदक (एवीएसएम) और विशिष्ट सेवा पदक (वीएसएम) से नवाजा जा चुका है। उन्होंने एशिया पैसिफिक सेंटर ऑफ सिक्योरिटी स्टडीज, हवाई, अमेरिका में उन्नत सुरक्षा सहयोग पाठ्यक्रम में भी भाग लिया है।
उन्होंने अपने करियर में कई प्रमुख जिम्मेदारी संभाली हैं, जिनमें टॉरपीडो रिकवरी वेसल आईएनटीआरवी ए72, मिसाइल बोट आईएनएस चटक, कार्वेट आईएनएस खुकरी, विध्वंसक आईएनएस मुंबई की कमान शामिल है। इसके अलावा उन्होंने नौसेना के जहाजों शारदा, रणविजय और ज्योति के नेविगेटिंग ऑफिसर के रूप में भी काम किया और सी हैरियर स्क्वाड्रन आईएनएएस 300 के दिशा अधिकारी और विध्वंसक आईएनएस दिल्ली के कार्यकारी अधिकारी थे। उनकी महत्वपूर्ण स्टाफ नियुक्तियों में संयुक्त निदेशक, स्टाफ आवश्यकता, डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज, वेलिंगटन में निदेशक स्टाफ, निदेशक, नौसेना संचालन और निदेशक, नौसेना इंटेलिजेंस (ऑप्स) शामिल हैं।
उन्होंने रक्षा मंत्रालय (नौसेना) के एकीकृत मुख्यालय में प्रधान निदेशक, नौसेना संचालन और प्रधान निदेशक, रणनीति, अवधारणाओं और परिवर्तन के रूप में भी काम किया है। एक फ्लैग ऑफिसर के रूप में उन्होंने नौसेना स्टाफ के सहायक प्रमुख (विदेश, सहयोग और खुफिया), राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खडकवासला में उप कमांडेंट और मुख्य प्रशिक्षक, महाराष्ट्र नौसेना क्षेत्र के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग, कर्नाटक नौसेना क्षेत्र के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग और नौसेना संचालन महानिदेशक के रूप में कार्य किया है।
क्या है सैन्य मामलों का विभाग (डीएमए)
इसका नेतृत्व चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) सचिव के रूप में करते हैं और इसे तीनों सेनाओं के बीच तालमेल को बढ़ावा देने के लिए बनाया गया है। यह भारतीय रक्षा मंत्रालय के भीतर सैन्य मामलों का प्रभारी विभाग है। पदेन सचिव के रूप में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ की अध्यक्षता में डीएमए भारतीय सशस्त्र बलों के बीच एकीकरण प्रदान करता है। इसका मकसद संयुक्त योजना और उनकी आवश्यकताओं के एकीकरण के माध्यम से सेनाओं के लिए खरीद, प्रशिक्षण और स्टाफिंग में संयुक्तता को बढ़ावा देना है। संयुक्त थिएटर कमांड की स्थापना सहित सैन्य कमांड के पुनर्गठन और स्वदेशी उपकरणों के उपयोग को बढ़ावा देना भी इस विभाग का दायित्व है।


