दो महिलाओं समेत सात गिरफ्तार
आइजोल:(Aizawl) मिजोरम में असम राइफल्स की छापेमारी में करीब 6 करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद की गई है। इसके साथ ही दो महिलाओं समेत सात मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।असम राइफल्स के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि विशेष सूचना के आधार पर बुधवार को उत्पाद शुल्क एवं नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों के साथ राज्य में दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर दो महिलाओं समेत पांच ड्रग तस्करों को करीब 6 करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया। उन्होंने लुंगलेई जिले के सेर्कवॉन इलाके में छापा मारा।आधिकारिक सूत्रों के अनुसार उनकी संयुक्त टीम ने सेर्कवॉन इलाके में एक मोबाइल चेक पोस्ट स्थापित की और हेरोइन ले जा रहे वाहनों को जब्त कर लिया। वाहन की तलाशी ली और 80 साबुनदानी बरामद की गईं। उन्होंने उन साबुनदानी से 1.013 किग्रा हेरोइन बरामद की।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसी दिन एक अन्य ऑपरेशन में असमराइफल्स और राज्य पुलिस की एक संयुक्त टीम ने सैतुअल जिले के कावबेल इलाके में छापा मारा और 145 ग्राम हेरोइन जब्त की। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस अधिकारी ने कहा कि बुधवार को छोड़कर पिछले डेढ़ महीने में मिजोरम के विभिन्न हिस्सों में सुरक्षा, पुलिस और राज्य उत्पाद शुल्क और नारकोटिक्स विभाग के अभियानों में लगभग 78.19 करोड़ रुपये का मादक पदार्थ बरामद किया गया है।


