भोपाल : खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री बिसाहूलाल सिंह के फर्जी लैटर हैड और हस्ताक्षर से उनकी स्वैच्छानुदान निधि से 40-40 हजार रुपये की राशि स्वीकृति के प्रकरण में खाद्य मंत्री सिंह ने एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शुक्रवार को अनूपपुर पुलिस अधीक्षक को पत्र में लिखा है कि उनके लैटर हैड पर उनके फर्जी हस्ताक्षर से कूटरचना कर शासकीय धन के गबन के उद्देश्य से तीन लोगों के नाम मंत्री स्वैच्छानुदान निधि से 40-40 हजार रुपये स्वीकृत किए गए।
उन्होंने बताया कि अनूपपुर कलेक्टर ने 12 जून 2023 को प्राप्त इस फर्जी और कूटरचित पत्र के आधार पर नेक मोहम्मद आधार-283972723760, सोमरा आधार-302326654750 एवं सुशांत कुमान सेन आधार-538818272342 को उपचार के लिये 40-40 हजार रुपये स्वीकृत किये।
मंत्री सिंह ने पुलिस अधीक्षक अनूपपुर को शासकीय दस्तावेज के आधार पर शासकीय राशि के गबन के लिये कूटरचित षड़यंत्र के दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।


