spot_img

Mumbai : मुंबई पुलिस ने बम विस्फोट की धमकी देने वाले को जौनपुर से गिरफ्तार किया

अंधेरी, कुर्ला और पुणे में बम धमाके की दी थी धमकी

मुंबई : मुंबई के अंधेरी और कुर्ला इलाके समेत पुणे में बम विस्फोट की धमकी देने वाले शख्स को उत्तर प्रदेश के जौनपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। मुंबई पुलिस की टीम ने उत्तरप्रदेश पुलिस की मदद से दरवेश राजभर नाम के आरोपित को हिरासत में लिया है।

मुंबई पुलिस सूत्रों के अनुसार कॉलर ने पुलिस कंट्रोल को कॉल करके दावा किया कि 24 जून की शाम 6:30 बजे मुंबई के अंधेरी और कुर्ला इलाके में बम धमाका होने वाला है। इतना ही नहीं, कॉलर ने कहा कि उसे 2 लाख रुपये चाहिए। अगर ये रकम उसे मिलती है, तो वह धमाके को रोक सकता है। कॉलर ने दावा किया कि पुणे में भी बम धमाका होने वाला है। यह धमाका वह ख़ुद करवा रहा है। इसके लिए उसे किसी से 2 करोड़ रुपये मिले हैं। अगर उसे 2 लाख और मिल जाएं, तो वह अपने लोगों के साथ मलेशिया निकल जाएगा।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कॉलर उत्तर प्रदेश के जौनपुर का रहने वाला है। युवक के बारे में जानकारी मिलते ही मुम्बई पुलिस की एक टीम कल ही फ्लाइट से यूपी पहुंच गई थी। इसके बाद जौनपुर पुलिस के साथ आरोपित दरवेश राजभर को दबोचा गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दरवेश को कोर्ट में पेश कर उसे पुलिस रिमांड पर लिया जायेगा। पुलिस ने इस मामले में आईपीसी की धारा 505(1)(बी), 505(2) और 185 के तहत मामला दर्ज किया है।

Explore our articles