spot_img

New Delhi : पुलिसकर्मी पर पेपर कटर से हमला कर बदमाश हुआ फरार, गिरफ्तार

नई दिल्ली : पुलिस गिरफ्त में पुलिसकर्मी पर पेपर कटर से हमला कर भागे बदमाश को गांधी नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बदमाश के पास से पेपर कटर बरामद किया गया है। शाहदरा जिला के डीसीपी रोहित मीणा ने शुक्रवार को बताया कि आरोपित की पहचान सनी उर्फ नेपाली के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि 11 जून को करीब 2 बजे हेड बीट स्टाफ कॉन्स्टेबल सनी और हेड कॉन्स्टेबल मंजीत को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गांधीनगर थाना क्षेत्र का एक घोषित अपराधी, जिसे 2 साल के लिए दिल्ली से तड़ीपार किया गया है, वह किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के लिए अजीत नगर गली नंबर 17 में पहुंचा है।

सूचना मिलते ही दोनों पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने सनी को पकड़ लिया। हेड कॉन्स्टेबल मंजीत द्वारा तलाशी लेने पर उसके पास एक नकली पिस्टल बरामद हुई। इसी बीच आरोपित ने पॉकेट से पेपर कटर निकाला कॉन्स्टेबल सनी पर हमला कर वहां से फरार हो गया। घटना में कॉन्स्टेबल सनी का हाथ जख्मी हो गया।

मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू की गई और टीम में हेड कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र, हेड कॉन्स्टेबल श्यामवीर और राहुल के साथ बीट स्टाफ को भी शामिल किया गया। इसके बाद गुप्त सूचना के आधार पर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।

उसकी निशानदेही पर पुलिसकर्मी के हमले में इस्तेमाल पेपर कटर बरामद किया गया है। साथ ही आरोपित की गिरफ्तारी से दो मामले का खुलासा हुआ है। यह भी सामने आया है कि उस पर पहले से 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह गांधीनगर थाने का घोषित अपराधी है और उसे दो साल के लिए दिल्ली से तड़ीपार किया गया है।

Explore our articles