spot_img

Patna : पटना नगर निगम वार्ड नंबर 58 की पार्षद बनीं मेयर की बहू

पटना: (Patna) बिहार के 60 नगर निकायों के चुनाव और उप चुनाव का परिणाम रविवार को दोपहर बाद से आना शुरू हो गया है। इस बीच पटना नगर निगम और फुलवारी शरीफ, मसौढ़ी और बाढ़ नगर परिषद के एक-एक वार्ड में हुए उप चुनाव का रिजल्ट आया है।सबसे पहला रिजल्ट पटना नगर निगम के वार्ड नं 58 का आया। इस वार्ड से श्वेता कुमारी ने 1603 वोटों से जीत दर्ज की है। श्वेता पटना की मेयर सीता साहू की बहू है। उप चुनाव में इन्हें कुल 6103 वोट मिले। इन्हें टक्कर देने वाली पूजा कुमारी को 4500 वोट मिले।

2022 के दिसंबर महीने में हुए नगर निकाय के चुनाव में सीता साहू पटना के मेयर पद के साथ ही वार्ड 58 से भी चुनाव लड़ी थी, जिसमें दोनों पदों पर उन्होंने जीत हासिल की थी लेकिन मेयर बनने के कारण उन्हें वार्ड 58 से पार्षद का पद छोड़ना पड़ा। इस सीट को खाली होते ही उन्होंने अपने बेटे शिशिर कुमार की पत्नी श्वेता को उप चुनाव में उतार दिया। अब बहू ने भी सास की तरह अपनी जीत का परचम लहरा दिया है।

नवादा से भी चुनाव परिणाम आ चुका है। यहां वार्ड नंबर 42 की वार्ड पार्षद की उम्मीदवार सुद्धमिया देवी की जीत हुई है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 480 मतों से मात दी। राज्य के अन्य नगर निकायों में भी मतगणना जारी है। राज्य के 60 नगर निकायों में चुनाव और उप चुनाव 9 जून को हुआ था, जिसका चुनाव परिणाम आज शाम तक आने की संभावना है।

Explore our articles