spot_img

Hardoi : अब त्रिपुरेश न तो क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं और न ही ब्लॉक प्रमुख

हरदोई: (Hardoi) जिला निर्वाचन अधिकारी की गलत नीति के चलते लगभग पिछले एक वर्ष से विकास खण्ड शाहाबाद की क्षेत्र पंचायत समिति, शाहाबाद के ब्लॉक प्रमुख के तौर पर त्रिपुरेश मिश्र अवैधानिक रूप से काबिज है। जिससे क्षेत्र पंचायत सदस्यों में जिला प्रशासन के प्रति असंतोष उत्पन्न हो गया है।

शंकरपुर के क्षेत्र पंचायत सदस्य नवनीत गुप्ता ने रविवार को एक पत्रकार वार्ता में बताया कि जनपद हरदोई की शाहाबाद नगर पालिका परिषद क्षेत्र का सीमा विस्तार होने के बाद विकास खण्ड शाहाबाद की कई ग्राम पंचायतों का अस्तित्व समाप्त हो गया है। इसी के साथ उन ग्राम पंचायतों से जुड़े क्षेत्र पंचायत वार्ड भी अस्तित्व विहीन हो गए हैं। इन्ही वार्डो में शाहाबाद के ब्लॉक प्रमुख त्रिपुरेश मिश्र का निर्वाचन क्षेत्र भी शामिल है। जो अब नगर पालिका परिषद शाहाबाद का वार्ड बन चुका है। ऐसी स्थिति में शाहाबाद क्षेत्र पंचायत समिति के प्रमुख त्रिपुरेश मिश्र, क्षेत्र पंचायत के सदस्य ही नहीं रह गए हैं। फिर ब्लॉक प्रमुख जैसे पद पर किस हैसियत से आसीन हैं?

उल्लेखनीय है कि क्षेत्र पंचायत समिति शाहबाद के प्रमुख त्रिपुरेश मिश्र, विकास खण्ड शाहाबाद के वार्ड न0 9 उधरनपुर क्षेत्र से क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव 2021 में लड़े थे। जिसके तहत वह क्षेत्र पंचायत समिति शाहाबाद के प्रमुख चुने गए। सन् 2022 में क्षेत्र पंचायत सदस्य की रिक्त सीट पर आगमपुर वार्ड न0 60 से वह पुनः नामांकन कर निर्विरोध क्षेत्र पंचायत सदस्य चुने गए। जो कि विधि विरूद्ध है। क्योंकि सदन का सदस्य होते हुए बिना त्याग पत्र दिए, वह आगमपुर वार्ड न0 60 से चुनाव लड़े। जिसमें तत्कालीन रिटर्निंग आफीसर (ए0आर0ओ0) ने उनकी सदस्यता को संज्ञान में नहीं लिया। इससे यह प्रतीत होता है कि रिटर्निंग आफीसर एवं खण्ड विकास अधिकारी की क्षेत्र पंचायत समिति, शाहाबाद प्रमुख त्रिपुरेश मिश्र से अवैधानिक रूप से सांठ गांठ रही।

शंकरपुर के क्षेत्र पंचायत सदस्य नवनीत गुप्ता ने बताया कि विकास खण्ड शाहाबाद के क्षेत्र पंचायत वार्ड न0 9 उधरनपुर और क्षेत्र पंचायत वार्ड न0 60 आगमपुर में त्रिपुरेश मिश्र ग्राम पंचायत निर्वाचक नामावली 2021 में ग्राम उधरनपुर के मकान न0 436 मतदाता क्रमांक 5143 में दर्ज है। जिसके आधार पर वह चुनाव लड़े थे। जो कि अवैध है। जुलाई 2022 से आज तक उनके द्वारा न तो आगमपुर वार्ड न0 60 से त्याग पत्र दिया गया और न ही शपथ हुई। और न ही इन्होंने उधरनपुर वार्ड न0 9 से त्याग पत्र दिया है। तब से आज तक त्रिपुरेश मिश्र अवैधानिक तरीके से वित्तीय लेन देन कर अवैध कमाई कर रहे हैं।

16 मई 2023 को उनके वित्तीय लेन देन को लेकर उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया जा चुका है तथा मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है। 22 मई, 2023 को आर0टी0आई0 माध्यम से भी सूचनाएं मांगी। इसके बावजूद खण्ड विकास अधिकारी मानवीर सिंह की मिलीभगत से 22 मई 2023 को 81 लाख 98 हजार चार सौ छह रूपये का भुगतान अवैध रूप से किया गया। 27 मई, 2023 को खण्ड विकास अधिकारी, शाहाबाद ने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, हरदोई को पत्र लिखकर क्षेत्र पंचायत शाहाबाद की 13 ग्राम पंचायतों को नगर पालिका परिषद शाहाबाद में समाहित किये जाने के उपरान्त क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं प्रमुख क्षेत्र पंचायत (समिति शाहाबाद सदस्य क्षेत्र पंचायत वार्ड न0 9) उधरनपुर के पदों के अस्तित्व व वर्तमान स्थिति के विषय में संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्यवाही करने का अनुरोध किया गया है।
इन सब हालातों के बावजूद अभी तक क्षेत्र पंचायत समिति, शाहबााद के प्रमुख त्रिपुरेश मिश्र पर अभी तक कार्यवाही न होना, जिला प्रशसन को संदेह के घेरे में खड़ा करता है।

Explore our articles