spot_img

Varanasi: दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे मुख्यमंत्री आदित्यनाथ

वाराणसी:(Varanasi) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर रविवार को हेलीकॉप्टर से वाराणसी पहुंचे। पुलिस लाइन मैदान में मुख्यमंत्री का कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, महापौर अशोक तिवारी, सतुआ बाबा संतोष दास सहित कई प्रमुख नेताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। पुलिस लाइन से मुख्यमंत्री कड़ी सुरक्षा के बीच सर्किट हाउस आए। जहां कुछ देर रुकने के बाद वह बिरदोपुर स्थित कैलाश मठ रवाना हो गए।

आधिकारिक जानकारी के मुताबिक मठ में मुख्यमंत्री भाजपा कैंट विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ टिफिन बैठक में शामिल होंगे। भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक कर काशी विश्वनाथ और कालभैरव मंदिर में दर्शन पूजन भी करेंगे। इसके बाद तीन दिवसीय जी-20 बैठक के शुभारंभ और राज्य सरकार की ओर से मेहमानों के सम्मान में आयोजित रात्रिभोज में शामिल होंगे।

नदेसर स्थित ताज होटल में मुख्यमंत्री और विदेश मंत्री एस. जयशंकर की अगुवाई में आयोजित रात्रिभोज में जी-20 देशों के विकास मंत्रियों के साथ केंद्र एवं प्रदेश के मंत्री और सचिव स्तर के अफसर भी मौजूद रहेंगे। रात्रिभोज के दौरान मुख्यमंत्री की ओर से मेहमानों को सम्मान होगा। मेहमानों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री सर्किट हाउस आएंगे और यहां रात्रि विश्राम करेंगे। सोमवार को मुख्यमंत्री बाबतपुर एयरपोर्ट से प्रतापगढ़ जाएंगे।

Explore our articles