गुवाहाटी:(Guwahati) केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानन्द राय ने सीमा सुरक्षा बल (सीसुब) के फ्रंटियर मुख्यालय का दौरा किया। उन्होंने सीसुब की जिम्मेदारी के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा एवं तैयारियों का जायजा लिया।
सीसुब के सूत्रों ने आज बताया है कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री शनिवार को सीसुब फ्रंटियर मुख्यालय गुवाहाटी पहुंचे थे। गुवाहाटी के पाटगांव स्थित सीसुब परिसर में उनके आगमन पर गुवाहाटी फ्रंटियर के महानिरीक्षक दिनेश कुमार यादव एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने बल की परंपरा के अनुसार उनका स्वागत किया।
फ्रंटियर गुवाहाटी के अंतर्गत सीसुब भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले एवं असम के धुबड़ी और दक्षिण सालामारा जिलों में तैनात है। यादव ने मंत्री राय को सीमा पर मौजूदा सुरक्षा परिदृष्य, तस्करी गतिविधियों, अवैध अप्रवासन, सीमा पार अपराध, एवं अन्य चुनौतियों तथा अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा मजबूत करने के लिए सीसुब द्वारा किए जा रहे विभिन्न उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मंत्री राय ने सीसुब के सुरक्षा उपायों और संक्रियात्मक तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए अवगत कराया कि सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति सीसुब के योगदान को पहचानती है और परिचालन संबंधी चिंताओं को दूर करने के लिए हमेशा उत्सुक रहती है। राय ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर अपराध को नियंत्रित करने के लिए सीसुब के अथक प्रयासों और भारतीय सीमा की सुरक्षा में किए जा रहे सराहनीय कार्य की सराहना की।


