spot_img
HomeJabalpurJabalpur : लाडली बहनों को मिलने वाली मासिक 1000 की राशि बढ़कर...

Jabalpur : लाडली बहनों को मिलने वाली मासिक 1000 की राशि बढ़कर 3000 रुपये तक होगी : शिवराज

मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक से 1.25 करोड़ बहनों के खातों में अंतरित की एक-एक रुपये की राशि

जबलपुर : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना का लाभ लेकर बहनें मजबूत होंगी। योजना में प्रति माह 1000 रुपये की राशि देने के प्रावधान में संशोधन कर बहनों को क्रमश: बढ़ी हुई राशि का भुगतान किया जाएगा। आवश्यक वित्त व्यवस्था के फलस्वरूप योजना में 1000 रुपये के स्थान पर 1250, इसके बाद क्रमशः 1500, 1750 रुपये, 2000, 2250, 2500 और 2750 रुपये करते हुए राशि को 3 हजार रुपये तक बढ़ाया जाएगा। योजना के लिए विवाहित पात्र बहन की आयु न्यूनतम 23 वर्ष के स्थान पर 21 वर्ष की जाएगी। इसी तरह बहनों को आने वाले पांच वर्ष में लखपति बनाते हुए लखपति क्लब में शामिल किया जाएगा। वर्तमान में 23 से 60 वर्ष की विवाहित बहनें योजना में पात्र हैं। बहनों की आय कम से कम 10 हजार रुपये मासिक होना चाहिए। स्व-सहायता समूहों और आर्थिक समृद्धि की योजनाओं से लाभान्वित करते हुए बहनों की जिंदगी में सुख और आनंद लाने का कार्य किया जाएगा।

मुख्यमंत्री चौहान शनिवार को जबलपुर में मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना में बहनों के खातों में मासिक राशि अंतरित करने के राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सिंगल क्लिक के माध्यम से 1.25 करोड़ बहनों के खाते में कुल 1209.64 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की। इस कार्यक्रम से पूरे प्रदेश की बहनें भी जुड़ीं। प्रदेश के वार्डों और ग्रामों में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का प्रसारण किया गया।

“नारी तू नारायणी, इस जग की पालनहारिणी”

कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सभी बहनों को हाथ जोड़ कर प्रणाम किया। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि “नारी तू नारायणी, इस जग की पालनहारिणी। मां अन्नपूर्णा है तू ही, है तू ही वीणा वादिनी, है शक्ति स्वरूपा जगदंबा, है नारी तू नारायणी, इस जग की पालनहारिणी।” हमारी भारतीय संस्कृति में भगवान से पहले मां का नाम आता है, यथा-सीताराम, राधेश्याम, गौरीशंकर, लक्ष्मीनारायण।

उन्होंने कहा कि लाडली बहनों को वे अपना परिवार मानते हैं। बहनों को अब परिवार में आर्थिक रूप से किसी विवशता का सामना नहीं करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना में मिलने वाली राशि उनके जीवन में आनंद लाने का कार्य करेगी। परिवार में बच्चों के लिए दूध, फल, दवाई लाने, उनकी पढ़ाई के प्रबंध को बेहतर बनाने में योजना की राशि उपयोगी होगी। परिवार में बहन के साथ बच्चों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लाडली बहना सेनाएं भी बनेंगी। बड़े ग्रामों में 21 सदस्य और छोटे ग्रामों में 11 सदस्य वाली सेनाएं गठित होंगी। लाडली बहना सेना अन्याय और शोषण के खिलाफ लड़ेंगी। यह सेनाएं महिलाओं को उनके कल्याण की योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अनेक महिला कल्याण योजनाओं से बहनों और बेटियों का सशक्तिकरण किया है। लाडली लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, स्व-सहायता समूहों द्वारा आर्थिक उन्नयन की गतिविधियों से बहनें सशक्त हुई हैं। पूर्व सरकार ने बेटियों को लैपटॉप प्रदान करने, बैगा, सहरिया और भारिया जनजाति की बहनों को प्रति माह दी जाने वाली आहार अनुदान राशि का भुगतान बंद कर दिया था जिसे हमारी सरकार ने पुन: प्रारंभ किया। पूर्व सरकार ने और भी कई कल्याणकारी योजनाएं बंद करने का कार्य किया। उन्होंने बताया कि विशेष पिछड़ी जनजातियों को पोषण के लिए दी जाने वाली राशि का ही विस्तार करते हुए मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना का निर्माण किया गया। बहनों का कष्ट और दुख वे अपना कष्ट मानते हैं। बहनों के सम्मान के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन स्वर्णिम दिन है। बेटियां और बहनें अब रोने या विलाप करने का कार्य नहीं करेंगी। आनंद की अनुभूति से उनके जीवन को बेहतर बनाना प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं का आह्वान किया कि वे अपने आंसू पोछकर घरों से बाहर निकले, अपनी जिंदगी बेहतर बनाये। उन्होंने महिलाओं का अपना परिवार बनाने, देश बनाने के लिए संकल्पबद्ध होने को कहा। मुख्यमंत्री ने कन्या-पूजन और एक बहन को शाल, श्रीफल भेंट कर एवं पांव पखार कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने 341 करोड़ रुपये लागत के 73 विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। इन कार्यों में स्मार्ट सिटी जबलपुर के विभिन्न कार्य, सीएम राइज विद्यालय, अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के कल्याण कार्यों के साथ ही राजमार्ग उन्नयन एवं सड़क निर्माण के कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों पर केंद्रित प्रदर्शनी एवं वीरांगनाओं के योगदान पर केंद्रित विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम के दूसरे हिस्से में प्रभावशाली सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति कलाकारों द्वारा की गई। मुख्यमंत्री का विभिन्न जन-प्रतिनिधियों ने स्वागत किया।

खूबसूरत राखी एवं भावपूर्ण पाती भेंट कर माना आभार

मुख्यमंत्री को लाडली बहनों ने बेहद ही खूबसूरत लंबी और बड़ी राखी भेंट की। साथ ही लाडली बहनों ने अपने लाडले भैया को अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए पाती भी भेंट की। सभी ने एक बड़े पुष्पहार से भी अभिनंदन किया। सभी बहनें इस अवसर पर बेहद ही प्रसन्न नजर आई।

ड्रॉईंग प्रतियोगिता की विजेताओं को किया सम्मानित

मुख्यमंत्री ने लाडली बहना थीम पर आधारित 8 जून को हुई ड्राइंग प्रतियोगिता की विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने अनघा गायकवाड़, तान्या पटेल और शौर्य जैन को पुरस्कृत किया।

नारी सशक्तिकरण पर नृत्य नाटिका “सृष्टि रूपा” का हुआ मंचन

योजना के शुभारंभ पर नारी ओजस्विता और नारी सशक्तिकरण की थीम पर नृत्य नाटिका “सृष्टि रूपा” का कलाकारों द्वारा मंचन किया गया। नृत्य नाटिका में प्रदेश सरकार द्वारा नारी सशक्तिकरण के लिए किए गए ऐतिहासिक और अभूतपूर्व फैसलों को बखूबी प्रदर्शित किया गया।

spot_imgspot_imgspot_img
इससे जुडी खबरें
spot_imgspot_imgspot_img

सबसे ज्यादा पढ़ी जाने वाली खबर