spot_img

Nainital : राज्यपाल ने कुमाऊं विवि के संकायाध्यक्षों और निदेशकों की ली बैठक

नैनीताल : राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने शुक्रवार को कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में संकायाध्यक्षों एवं निदेशकों की बैठक ली। पहली बार हुई इस तरह की बैठक में राज्यपाल ने प्रत्येक संकायाध्यक्ष एवं निदेशक से अलग-अलग वार्ता की। राज्यपाल ने उनके विभाग की उपलब्धियों, समाज में दिये गये योगदान, उनके मिशन और विजन के साथ-साथ इनकी चुनौतियों तथा संबंधित विभागों की उपलब्धियों, विभागों के प्रकाशित शोध पत्र, पुरस्कार, एमओयू व प्रकाशनों सहित भविष्य की योजनाओं के संबंध में जानकारी ली।

राज्यपाल ने कहा कि कुमाऊं विश्वविद्यालय शोध एवं शिक्षण के क्षेत्र में प्रसिद्ध रहा है। यहां पढ़े छात्र-छात्राओं ने देश एवं विदेश में उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा एवं शोध की गुणवत्ता विश्वविद्यालयों का मूल सिद्धांत एवं विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापरक शिक्षा मिले यह उद्देश्य होना चाहिए। राज्यपाल ने निर्देशित किया कि प्राध्यापक अधिक से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के उत्कृष्ट शोध पत्र प्रकाशित करें। उन्होंने कहा कि शोध एवं तकनीक सही मायनों में तभी उपयोगी है जब उसका लाभ लोगों को मिले। उन्होंने संकायाध्यक्षों से अपने आर्थिक संसाधनों के स्रोत तथा केंद्रीय संस्थानों और सीएसआर की मदद से आर्थिक संसाधनों की पूर्ति के उपाय स्वयं खोजने को भी कहा, ताकि उन्हें विश्वविद्यालय पर निर्भर न रहना पड़े।

राज्यपाल ने पूर्व छात्रों के लिए एलुमनी मीट का आयोजन करने और उन्हें विश्वविद्यालय हेतु आर्थिक संसाधनों की पूर्ति के लिए प्रेरित करने को भी कहा। राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय की समस्याओं और चुनौतियों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक शोध प्रकाशनों पर जोर देने की बात कही। उन्होंने प्रत्येक संकायाध्यक्षों व निदेशकों से विश्वविद्यालय की बेहतरी के संबंध में अपने सुझाव भी प्रेषित करने को कहा।

Explore our articles