spot_img

Mathura : फेडरेशन ऑफ इंडियन पेट्रोलियम इंडस्ट्री से मथुरा रिफाइनरी को मिला पुरस्कार

“रिफाइनरी ऑफ द ईयर 2022” का पुरस्कार मथुरा रिफाइनरी ने जीता

केंद्रीय पैट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने किया सम्मानित

मथुरा : रिफाइनरी ने अपनी उपलब्धियों में एक और सफलता जोड़ते हुए “रिफाइनरी ऑफ द ईयर 2022” का पुरस्कार अपने नाम किया है। फेडरेशन ऑफ इंडियन पेट्रोलियम इंडस्ट्री (एफआईपीआई) द्वारा प्रतिष्ठित रिफाइनरी ऑफ द ईयर पुरस्कार मथुरा रिफाइनरी को – लघु और मध्यम रिफाइनरीज – क्षमता (≤) 9 एमएमटीपी वर्ग में प्राप्त हुआ है। यह जानकारी गुरुवार रिफाइनरी निदेशक ने दी है।

दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में यह पुरस्कार केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस और आवास व शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी द्वारा निदेशक (रिफाइनरीज) शुक्ला मिस्त्री, रिफाइनरी प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक अजय कुमार तिवारी और अजय कैला, मुख्य महाप्रबंधक (तकनीकी सेवाएं व एचएसई) को प्रदान किया गया।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस और श्रम व रोजगार राज्यमंत्री रामेश्वर तेली और इंडियन ऑयल के अध्यक्ष एस.एम. वैद्य भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। रिफाइनरी के लिए गर्व यह की बात है कि पिछले चार वर्षों में तीन बार मथुरा रिफाइनरी ने यह प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम किया है (2019, 2021, 2022) और लगातार दो बार यह पुरस्कार जीता है। मथुरा रिफाइनरी अपने उत्कृष्ट परिचालन प्रदर्शन, उत्कृष्ट ऊर्जा दक्षता मैट्रिक्स, असाधारण क्षमता उपयोग, कम परिचालन लागत, उत्कृष्ट स्थिरता उपायों और उत्कृष्ट जीआरएम सुधार के कारण इस उपलब्धि को हासिल करने में सफल रही है।

यह उल्लेखनीय है कि मथुरा रिफाइनरी वर्ष 2022 में 74.9 प्रतिशत डिस्टिलेट उपज के साथ 114 प्रतिशत की क्षमता उपयोग के साथ 9.123 एमएमटीपीए क्रूड प्रोसेस करने में सफल रही थी। पिछले तीन वर्षों की तुलना में रिफाइनरी का जीआरएम 243 प्रतिशत बढ़ा है, जबकि औसत परिचालन लागत में एक प्रतिशत की कमी आई। मथुरा रिफाइनरी इंडियन ऑयल में पहली रिफाइनरी है जो उपचारित एसटीपी पानी का उपयोग कर रही है जिससे यमुना से फ्रेश वॉटर के इस्तेमाल को कम किया जा रहा है। इसके अलावा एक्सपी100 और एथनोल ब्लेंडेड पेट्रोल के उत्पादन ने भी रिफाइनरी की एक विशिष्ट पहचान बनाई है। यह उपलब्धि हासिल करने के लिए मथुरा रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक व रिफाइनरी प्रमुख अजय कुमार तिवारी ने सभी रिफाइनरी कर्मियों की सराहना की। साथ ही विश्वास जताया कि सभी रिफाइनरी कर्मी आगे भी अपने प्रयास निरंतर जारी रखेंगे ताकि भविष्य में भी मथुरा रिफाइनरी नए कीर्तिमान स्थापित करती रहे। श्री तिवारी ने रिफाइनरी से प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी हितधरकों का भी धन्यवाद दिया है। जिन्होंने मथुरा रिफाइनरी का हर कदम पर साथ दिया है और नई सफलताएं अर्जित करने में अपना योगदान दिया है।

Explore our articles