लखनऊ : राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गुरुवार को 261 हज यात्री जेद्दाह के लिए रवाना हुए। हज-2023 के लिए लखनऊ उड़ान स्थल से यह चालीसवीं उड़ान थी।
उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के सचिव व कार्यपालक अधिकारी एसपी तिवारी ने बताया कि उड़ान संख्या एसवी 3741 आज 261 हज यात्रियों को लेकर सकुशल अपने निर्धारित समय प्रातः 8 बजे रवाना हुई। इस उड़ान से 136 पुरुष व 125 महिलाएं रवाना हुए। इनमें सबसे अधिक 105 हज यात्री ग़ाज़ीपुर जिल़े के, वाराणसी के 85 व मिर्ज़ापुर के 35 हज यात्री गये हैं।
उन्होंने बताया कि इस उड़ान से तीन ख़ादिमुल हुज्जाज (हज सेवक) मो0 आज़म वाराणसी, अख़लाक़ अहमद महाराजगंज व मो0 तबरेज़ अब्बासी कानपुर नगर के हज यात्रियों के सुविधार्थ गये हैं। कार्यपालक अधिकारी ने बताया कि आज तक लखनऊ से 11,721 हज यात्री सऊदी अरब के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली उड़ान स्थल से 06 जून को उड़ानें समाप्त हो गई हैं। उत्तर प्रदेश के दिल्ली से कुल 11,864 हज यात्री गये हैं। उत्तर प्रदेश के अब तक कुल 23,585 हज यात्री सऊदी अरब के लिए प्रस्थान कर चुके हैं।


