spot_img

LUCKNOW: मुख्यमंत्री योगी से मिला बीएमएस का प्रतिनिधिमंडल

भारतीय मजदूर संघ ने मुख्यमंत्री के समक्ष उठाई श्रमिक वर्ग एवं कर्मचारियों की समस्याएं

लखनऊ: (LUCKNOW) भारतीय मजदूर संघ (BMS) उत्तर प्रदेश के एक प्रतिनिधिमंडल ने श्रमिक वर्ग एवं कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। मजदूर संघ के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष बिजली, रोडवेज, शुगर, एनएचएम, 102, 108 एम्बुलेंस सेवा तथा राज्य कर्मचारियों की समस्याओं को रखा।

मुख्यमंत्री योगी ने सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए श्रमिक एवं कर्मचारी हित में समस्याओं का यथाशीघ्र समाधान किए जाने का आश्वासन दिया। मजदूर संघ ने विद्युत विभाग के उन कर्मचारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जिन पर एस्मा के तहत कार्यवाही की गयी है। ऐसे सभी कर्मचारियों एवं अधिकारियों को पूर्ववत उनकी सेवा में बहाली का विषय भी रखा गया।

मजदूर संघ के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अनुपम ने मुख्यमंत्री को बताया कि विद्युत, रोडवेज एवं अन्य विभागों में जहां संविदा एवं आउटसोर्स श्रमिकों का नियोजन किया गया है ऐसे श्रमिकों का संविदाकारों एवं सेवा प्रदाता कम्पनियों द्वारा शोषण किया जा रहा है। कर्मचारियों के शोषण पर तुरंत रोक लगाने के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक समिति का गठन करने की मांग की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतरर्गत स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत कर्मचारियों की नियुक्ति, वेतनमान, स्थानांतरण एवं बीमा कवरेज के संबंध में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया जा रहा है। इससे श्रमिकों, कर्मचारियों को नित्य होने वाली परेशानियों से बचाया जा सके। विद्युत कर्मचारियों की बहाली के संबंध में मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि विभागीय मंत्री एवं अधिकारियों से वार्ता कर इसका शीघ्र समाधान किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से मजदूर संघ के राष्ट्रीय मंत्री अशोक शुक्ला, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अनुपम, प्रदेश अध्यक्ष विश्वेसर राय, प्रदेश महामंत्री अनिल कुमार उपाध्याय और प्रदेश संगठन मंत्री राम निवास सिंह उपस्थित रहे।

Explore our articles