मुख्यमंत्री के संदेश का होगा वाचन
भोपाल:(MP) मध्य प्रदेश में लाड़ली बहना योजना की जानकारी देने के लिए आज (on Thursday) प्रदेशभर में विशेष ग्रामसभाओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के संदेश का वाचन किया जाएगा।
जनसम्पर्क अधिकारी प्रलय श्रीवास्तव ने बताया कि राज्य शासन ने कार्यक्रम के बेहतर संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये हैं। लाड़ली बहनों को जारी स्वीकृति पत्र में मुख्यमंत्री चौहान का जो संदेश मुद्रित है, उसे ग्राम सभाओं में पढ़कर सुनाया जाएगा।
संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा है कि लाड़ली बहनों आपके हाथों में ’मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ का यह स्वीकृति पत्र सौंपते हुए, मेरा मन अति प्रसन्न है। इस योजना के माध्यम से अब हर महीने आपके खाते में 1000 रुपये डाले जा रहे हैं। यह योजना मैंने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ही बनाई है। बहनें यह कोई सशक्त होंगी, तो परिवार, समाज, प्रदेश और देश भी सशक्त होगा। हम आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं और इस अमृत काल में “मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना“ आरंभ हुई है। बहनो, योजना नहीं, बल्कि एक सामाजिक क्रांति का शंखनाद है।
’मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ प्रारम्भ करने का उद्देश्य बहनों को स्वावलम्बी एवं आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनाना है। इसके लिए स्वरोजगार/आजीविका के संसाधनों को विकसित किया जा रहा है। आपके आश्रित बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सतत् सुधार बनाये रखना और परिवार स्तर पर निर्णय लिये जाने में आपकी प्रभावी भूमिका को प्रोत्साहित करना भी हमारा लक्ष्य है।
संदेश में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना मेरे दिल से निकली हुई योजना है। मैंने सही मायने में आपकी अनमोल राखी का उपहार आप सबको दिया है। मैं यह भी कहना चाहूँगा कि आपने मुझे जो स्नेह दिया और भरोसा किया है, उसे मैं कभी टूटने नहीं दूंगा। बहनों के जीवन को सरल, सुखद और आनंददायी बनाना ही मेरे जीवन का ध्येय है।
सूची का होगा वाचन
विशेष ग्राम सभाओं में ही मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से लाभांवित होने वाली महिलाओं की सूची का वाचन किया जाएगा। साथ ही पात्र महिलाओं की भी सूची के संबंध में जानकारी दी जाएगी। ऐसी महिला हितग्राही जिनके द्वारा अब तक डीबीटी कार्य संपादित नहीं कराया गया है, उन महिलाओं के नामों की सूची का भी वाचन किया जाएगा। उन सबको डीबीटी करवाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।


