सुकमा: (Sukma) सुकमा जिले के जगरगुण्डा थाना क्षेत्र में सक्रिय एक लाख रुपये के इनामी नक्सली को पुलिस एवं सीआरपीएफ के द्वारा गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार नक्सली कुंदेड़ एम्बुश की घटना सहित कई बड़ी नक्सली घटनाओं में शामिल था, जो नक्सल संगठन में सुरपनगुड़ा आरपीसी मिलिशिया प्लाटून कमाण्ड-इन-चीफ के रूप में सक्रिय था।
सुकमा पुलिस अधीक्षक किरन चव्हाण ने बताया कि जिले में चलाये जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सोमवार को थाना जगरगुण्डा से निरीक्षक नरेन्द्र राठौर, थाना प्रभारी जगरगुण्डा के हमराह जिलाबल एवं हेमपुष्प शर्मा, द्वितीय कमान अधिकारी व अभिजीत सिंह राठौर, डिप्टी कमांडेन्ट के हमराह 201 वाहिनी कोबरा ‘‘ई” कंपनी की संयुक्त पार्टी नक्सल गस्त सर्चिंग हेतु ग्राम कुंदेड़ की ओर रवाना हुये थे। अभियान के दौरान ग्राम कुंदेड़ के जंगल के पास पुलिस पार्टी को देखकर भागते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा गया, जिसके पास रखे थैले की तलाशी लेने पर एक टिफिन बम, लगभग 50 मीटर बिजली वायर, चार इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, चार जिलेटिन रॉड, पांच मीटर कोर्डेक्स वायर व अन्य विस्फोटक सामग्री मिला।
उन्होंने बताया कि संदिग्ध को थाना लाकर कड़ाई से पूछताछ करने पर अपना नाम सोड़ी देवा उर्फ सुनील निवासी किस्टावरम् थाना चिंतलनार का होना एवं प्रतिबंधित नक्सली संगठन में सुरपनगुड़ा आरपीसी अंतर्गत मिलिशिया प्लाटून कमांड-इन-चीफ के पद पर कार्यरत होना बताया। आरोपित से बरामद विस्फोटक के सामाग्री के बारे में पूछताछ करने पर बड़े नक्सलियों के निर्देश पर जगरगुंडा-कुंदेड़ मार्ग पर पुलिस पार्टी के आने-जाने वाले रास्तों पर आईईडी लगाने के उद्देश्य से आना बताया।
गिरफ्तार नक्सली ने पूछताछ में आरोपित नक्सली सोड़ी देवा द्वारा 25 फरवरी 2023 को कुंदेड़ एंबुश की घटना में स्काउड टीम में शामिल रहना बताया। उक्त घटना के संबंध में थाना जगरगुंडा में अपराध विस्फोटक पदार्थ अधिनियम का प्रकरण दर्ज है। उक्त प्रकरण में आरोपित सोड़ी देवा को आज न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल दाखिल किया जायेगा।


